Chhattisgarh

आज 21 जून को जशपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जशपुर, 21 जून 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे योगाभ्यास कार्यक्रम से लेकर विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा जनकल्याण और क्षेत्रीय विकास को समर्पित रहेगा।

मुख्यमंत्री सुबह 6:55 बजे विश्रामगृह, जशपुर से प्रस्थान कर 7:00 बजे रणजीता स्टेडियम, जशपुर पहुंचेंगे। यहां वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे और आमजन के साथ योगाभ्यास करेंगे।

योग कार्यक्रम के बाद वे 8:35 बजे स्टेडियम से प्रस्थान कर पुनः विश्रामगृह लौटेंगे, जहां कुछ समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री 10:00 बजे दुलदुला हाट बाजार पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री का काफिला 11:00 बजे दुलदुला से रवाना होकर 11:20 बजे गिनाबहार पहुंचेगा, जहां वे BPHU और MCH यूनिट के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। तत्पश्चात 11:50 बजे सलियाटोली पहुंचकर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे कृषि उपज मंडी महुआटोली (कण्डोरा) पहुंचेंगे, जहां सर्व नाई सेन समाज द्वारा आयोजित महासम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होकर समाज के प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रमों के पश्चात मुख्यमंत्री 1:30 बजे महुआटोली से प्रस्थान कर 2:00 बजे अपने निज निवास, बनिया (विकासखंड कांसाबेल) पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।

Related Articles

Back to top button