Chhattisgarh

बलौदाबाजार: कलेक्टर-SP ऑफिस के सामने लगाया सफेद झंडा, उपद्रवियों ने 75 बाइक, 20 कार, 2 दमकल वाहन फूंके; मामले में अब तक 150 लोग पुलिस हिरासत में

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार में सतनामी समुदाय के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को उपद्रवियों ने 75 बाइक, 20 कार और 2 दमकल वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। लोगों ने कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसके बाद कुछ लोगों ने कलेक्ट्रेट में आगजनी की।

इससे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। वहीं उपद्रवियों ने कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ध्वजारोहण के पोल पर सफेद रंग का ध्वज लगा दिया था। मामले में अब तक पुलिस ने 150 लोगों को हिरासत में लिया है।

कलेक्ट्रेट कार्यालय में आग लगाने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने वहां खड़े वाहन भी फूंक दिए। - Dainik Bhaskar

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इसमें पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डिप्टी CM विजय शर्मा सोमवार देर रात घटनास्थल पहुंचकर मौके का जायजा लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं।

IG और कमिश्नर को मौके पर भेजा गया

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं। मौके पर IG और कमिश्नर को भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। इससे पहले CM ने इस मामले में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और मुख्य सचिव व DGP को तलब किया।

जैतखाम तोड़ने से नाराज है समाज

जानकारी के मुताबिक, 15 मई की देर रात सतनामी समुदाय के धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम से करीब 5 किमी मानाकोनी बस्ती स्थित बाघिन गुफा में लगे धार्मिक चिन्ह जैतखाम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में समाज के हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास मौजूद दशहरा मैदान में कई दिन से प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोगों का आरोप है कि पकड़े गए लोग असली आरोपी नहीं हैं और पुलिस दोषियों को बचा रही है। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान लोग इसी बात को लेकर उग्र हो गए। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए।

Related Articles

Back to top button