खेल, राजस्व एवम आपदा प्रबंधन विषय पर ब्यास कश्यप ने विधानसभा में पूछे सवाल, कहा…

विधानसभा में जांजगीर चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने खेलकूद एवं युवा कल्याण, राजस्व आपदा प्रबंधन मंत्री को घेरते हुए जांजगीर चांपा विधानसभा के विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने भूमि रिकॉर्ड संबंधी सारे कार्य को ऑनलाइन कराए जाने की मांग की। उन्होंने चांपा नगर में रामबंधा तालाब के पास शासकीय भूमि पर स्थित नाले के अतिक्रमण का मामला उठाते हुए कहा कि ऐसे स्थान पर जहां कोई मकान नही है, वहा आज भू माफियाओ के द्वारा 50 फीट चौड़े और 500 मीटर से अधिक लंबे सीसी रोड का निर्माण कर दिया गया है। इस निर्माण में शासकीय राशि का दुरुपयोग हुआ है, जो जांच का विषय है। इसी तरह जांजगीर के निकट बनारी ग्राम में सन 1978 से पहले शासकीय नीलामी प्रक्रिया में सुंदर सूर्यवंशी के पूर्वजों द्वारा लगभग 2.5 एकड़ जमीन खरीदी गई थी। किसी कारणवश उक्त जमीन का नामांतरण या रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण किसान ने नही करा पाया था। उस जमीन को जांजगीर के एक बाहुबली नेता के द्वारा कब्जा कर लिया गया है। किसान सुंदर सूर्यवंशी न्याय के लिए आज भी दर दर भटक रहा है। उसे न्याय नही मिल रही है। इस प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

प्राकृतिक आपदा में जब किसी गरीब के साथ कोई घटना हो जाती है तो अनुग्रह राशि के लिए उस गरीब के परिजनों को सालों भटकने के बाद राशि मिल पाती है और वह राशि भी इतनी कम होती है कि ऊंट के मुंह में जीरा जैसी। उससे ज्यादा राशि का खर्च तो दौड़ धूप में उस व्यक्ति के द्वारा हो जाती है। विधायक ब्यास कश्यप ने आपदा प्रबंधन मंत्री से ऐसे हितग्राहियों को समय सीमा में उचित मुवावजा देने की मांग की है। प्राकृतिक आपदा में किसानों के फसल नुकसान होने पर भी समय सीमा के भीतर किसानों को फसल का मुवावजा मिले इसकी मांग भी ब्यास कश्यप ने राजस्व मंत्री से किया है।

विधायक ब्यास कश्यप ने राजस्व मंत्री से जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के धूरकोट ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम मरकाडीह को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की।

उन्होंने जांजगीर जिला मुख्यालय में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स खुलवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इसके लिए स्थल का चयन भी किया जा चुका है। उन्होंने जांजगीर जिला जेल के पीछे अधूरे निर्मित स्टेडियम को पूर्ण कराने की मांग भी की। उन्होंने बताया की छत्तीसगढ़ राज्य खेल के क्षेत्र में अन्य राज्यो की तुलना में पिछड़ा हुआ है। इसके लिए भी प्रयास होने चाहिए। एशियाड ओलंपिक के लिए बजट में प्रावधान नहीं किया गया है जो निराशाजनक है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के कार्यकाल में जो छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन होता था उसे पुनः प्रारंभ किया जाए। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगो में खेल प्रतिभा का विकास हो रहा था, पुनः प्रदेश के लोगो को इसका लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने नवागढ़ में नवीन एस डी एम कार्यालय खोलने की मांग भी की है।

उन्होंने राजस्व मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया कि वर्तमान में जांजगीर जिला में खाते में छोटे छोटे त्रुटि सुधार के लिए किसानों को सीधे एसडीएम कार्यालय भेजा जा रहा है जबकि मामूली त्रुटि पटवारी स्तर पर ही हो सकता है। इसके लिए किसानों को अनावश्यक, एस डी एम, तहसीलदार और पटवारियों के चक्कर काटने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

जांजगीर जिला में उद्योगों की स्थापना के लिए 50 से अधिक कंपनियों के साथ एम ओ यू हुआ था। जमीन अधिग्रहित हो चुकी है, लेकिन किसी कारणवश उद्योगों की स्थापना नही हो सकी है। किसान उक्त जमीन पर खेती कर रहे हैं। विधायक ब्यास कश्यप ने उन जमीनों को किसानों को वापस करने की मांग की है।