अब भगवा रंग में नजर आएगी वंदे भारत एक्सप्रेस, रेलमंत्री ने दिखाई झलक, बोले- तिरंगे से ली प्रेरणा

नई दिल्ली। वंदे भारत एक्सप्रेस अब नए रंग रूप में नजर आएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को देश को इसकी पहली झलक दिखाई। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर नई वंदे भारत की कई तस्वीरें साझा कीं। नए रूप में वंदे भारत में केसरिया, सफेद और काले रंग का सम्मिश्रण दिखेगा। अभी इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन का रंग नीला और सफेद है। रेल मंत्री चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) पहुंचे थे। रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि केसरिया रंग तिरंगे से प्रेरित है।
रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि अबतक वंदे भारत ट्रेन में 25 से ज्यादा सुधार किए गए हैं। मंत्री वैष्णव ने इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उत्पादन और अन्य तकनीकी विषयों पर बातचीत की। आईसीएफ ने 2018-19 में देश को पहली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वाराणसी के बीच इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अक्तूबर, 2022 के दूसरे सप्ताह के दौरान, आईसीएफ ने 1955 में अपनी स्थापना के बाद से 70,000 से अधिक कोच बनाने का गौरव हासिल किया, जो दुनिया में किसी भी यात्री कोच निर्माता की ओर से सबसे अधिक है।