धमतरी : उत्साह के साथ मनाया गया पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म दिवस


धमतरी, 15 नवंबर । देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म दिवस (बाल दिवस) शहर से लेकर गांव तक के स्कूलों व शैक्षणिक संस्थाओं में गायन, वादन, खेलकूद जैसे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता देखते ही बनी। शिक्षकों ने इस दिन विशेष की सार्थकता को बताया। बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।

कुंडेल स्कूल में बाल दिवस मनाया गया

शासकीय नवीन प्राथमिक शाला कुंडेल में बाल दिवस उत्साह से मनाया गया। चाचा नेहरू के जन्म दिवस पर बच्चों द्वारा बाल मेला लगाया गया। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति का बैठक भी हुई। बाल मेला में बच्चे तरह तरह के दुकान लगाए थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हिरेश साहू ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए यह कार्यक्रम उत्तम है। इस तरह के कार्यक्रम से शिक्षक एवं विद्यार्थी के बीच घनिष्ठता बढ़ती है। कार्यक्रम में पालकगण, स्कूल के शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हीरेश साहू, दुलारी साहू प्रधान पाठक, अश्वनी ध्रुव शिक्षक, शिवदयाल निषाद, अभय यादव, हेमलता वर्मा, कुलेश्वरी यादव , एकता साहू , रामेश्वरी साहू, कला निषाद, कुंती बाई, राधिका यादव ,निहारिका यादव, ईश्वरी साहू, साधना, अरुण, यशोदा, राही और बहुत से पालक व अन्य उपस्थित रहे।

मधुबन पब्लिक स्कूल परसवानी में लगा बाल मेला

मधुबन पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवानी में पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बाल मेला विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कबड्डी, खो खो, वालीबाल, रस्सा खींच, तात्कालिक भाषण, वाद विवाद आदि खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनेश्वर साहू सरपंच ग्राम पंचायत परसवानी थे। अध्यक्षता देवेंद्र कुमार साहू ने की। विशिष्ट अतिथि देवंतीन बाई ध्रुव, राधाबाई ध्रुव पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत परसवानी, प्राचार्य बीके साहू थे। अतिथियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र में माल्यार्पण किया। सभी अतिथियों ने यहां बने हुए व्यंजन समोसा, कचौड़ी, कोफ्ता, गुपचुप, चाट, पान ठेला, इडली, डोसा, पानी पुरी अनेक व्यंजनों की प्रशंसा की।

बालदिवस पर प्राथमिक शाला कलारतराई में खेलकूद का हुआ आयोजन

बाल दिवस पर शासकीय प्राथमिक शाला कलारतराई में अध्ययनरत छात्रों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नेहरू का बच्चों के प्रति अपार प्रेम एवं स्नेह के कारण उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में पूरे भारत देश में मनाया जाता है। कक्षा पहली से कक्षा पांचवी तक अध्ययनरत बच्चों के लिए आयु वर्ग के हिसाब से विभिन्न प्रकार के खेलकूद आयोजित किए गए। जिसमें कुर्सी दौड़, संखली, आलू दौड़, थाली दौड़, बोरा दौड़, चॉकलेट दौड़, मटका फोड़, नड्डा दौड़ आयोजित किए गए। खेलकूद में बच्चों में तन्मयता एवं उत्साह के साथ खेल में भाग लिया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान में आने वाले प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया गया।