30 साल छोटी लड़की पर आया डकैत का दिल: शादी के लिए चाचा को किया था अगवा

[ad_1]
- Hindi News
- Local
- Mp
- Morena
- Chambal Dacoit Gudda Gurjar Love Story; Demand For Marriage With 30 Year Younger Girl | Morena News
रतन मिश्रा। मुरैना3 घंटे पहले
बंदूक के दम पर आतंक मचाने वाला डकैत गुड्डा गुर्जर अब पुलिस गिरफ्त में है। उसकी पूरी हेकड़ी निकल गई। नींद और भूख उड़ गई। वह रातभर करवटे बदलता रहा। सिर्फ 2 घंटे सोया। आइए आपको बताते हैं गुड्डा गुर्जर की अपराधों की कुंडली…
गुड्डा गुर्जर ने ऐसे रखा अपराध की दुनिया में कदम
साल 2002 में सबसे पहले अपने ही गांव लोहागढ़ के युवक की हत्या कर गुड्डा ने अपराध की दुनिया में कदम रखा। हत्या को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए जंगल की ओर भाग निकला। यहीं से शुरू होती है डकैत गुड्डा गुर्जर के आतंक की कहानी। इसके बाद गुड्डा ने जंगल को ही अपना ठिकाना बनाया। आसपास के गांवों में दहशत कायम करने के लिए चिट्ठियां भेजकर टेरर टैक्स मांगने लगा।
मुरैना से ग्वालियर की ओर जाते वक्त हाईवे किनारे जड़ेरुआ गांव पड़ता है। इसी गांव के रास्ते आगे जाने पर लोहागढ़ गांव है। यही गांव गुड्डा गुर्जर का है। चार भाई और तीन बहनों में गुड्डा आपराधिक प्रवृत्ति का निकला।
अपने से 30 साल छोटी लड़की पर आया दिल
गुड्डा गुर्जर लंबे समय तक ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर में अपराध करता रहा। 17 नवंबर 2021 को उसने अपने से 30 साल छोटी लड़की के साथ शादी की डिमांड रखी। शादी के लिए लड़की के चाचा का अपहरण कर लिया। लड़की के पिता मेहताब सिंह गुर्जर को धमकी दी थी कि बात नहीं मानी तो भाई को जान से मार देगा।
उसने मेहताब से कहा था कि उसकी शादी अपनी लड़की से करा दे। इस पर वह तैयार नहीं हुआ। जिसके बाद डकैत गुड्डा गुर्जर ने मेहताब सिंह के भाई का 17 नवंबर को अपहरण कर लिया। भाई का अपहरण होने के बाद मेहताब सिंह दौड़ा-दौड़ा पहाडगढ़ थाने पहुंचा और इस संबंध में अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि समाज के दबाव से उसने पैसे लेकर लड़की के चाचा को छोड़ दिया था।

आज की स्थिति में गुड्डा गुर्जर पर तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। 60 हजार का इनामी है। पिछले 2 साल से उसकी एक्टिविटी ज्यादा बढ़ गई थी। CM ने डकैत के सफाए के निर्देश दिए थे। इनाम राशि 1 लाख करने का भी प्रस्ताव था।
ये जान लीजिए, कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ा गुड्डा गुर्जर…
चंबल के कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में बुधवार शाम को गिरफ्तार किया। पुलिस को उसके बसोटा के जंगल में होने की सूचना मिली थी। इस पर सर्चिंग की गई। इस दौरान रात करीब 8 बजे ग्वालियर से 40 किलोमीटर दूर जंगल में गुड्डा गुर्जर गैंग और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। डकैत गुड्डा के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके 3 साथी भाग निकले।
गांव खाली करने के फरमान देने पर आया चर्चा में
साल 2002 में नूराबाद थाने में पहली बार गुड्डा गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज हुआ। अपने गांव लोहागढ़ में ही पड़ोस में रहने वाले युवक की हत्या का आरोप गुड्डा पर लगा। इस मामले में 302, 147, 148, 149 के तहत केस दर्ज हुआ। इसके बाद डकैती, अपहरण, फिरौती और लूट जैसे कई अपराध उसके नाम दर्ज होते गए। चंबल का यह डकैत हाल ही में उस तब चर्चा में आया, जब उसने चांचुल गांव को खाली करने का फरमान सुनाते हुए लोगों को धमकाया।
इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- डकैत गुड्डा गुर्जर की वजह से प्रदेश की छवि खराब हो रही है। उसका तुरंत सफाया करो। CM के आदेश के बाद मुरैना और श्योपुर जिलों की पुलिस एक्शन में आई। पुलिस फोर्स उसकी तलाश में बीहड़ों में उतर गई।
क्रशर मालिकों से लेता था दो-दो लाख का टेरर टैक्स
आज की स्थिति में गुड्डा गुर्जर पर तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। धोवनी गांव में फायरिंग कर लोगों को डर दिखाकर 500-500 रुपए टेरर टैक्स मांगने लगा। उसका हौसला बढ़ता गया और एक दिन ऐसा आया कि उसने क्रशर मालिकों से 10 लाख रुपए तक की डिमांड रख दी। बाद में क्रशर मालिकों ने दो-दो लाख रुपए प्रति महीने का टेरर टैक्स देना शुरू कर दिया। गुड्डा ने ग्वालियर के चीनोर में व्यापारियों से टेरर टैक्स की मांग की। उसने व्यापारियों से 25-25 हजार रुपए की मांग डाक के जरिए चिट्ठी भेजकर की थी। रुपए न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

गुड्डा की गिरफ्तारी से 2 दिन पहले ही मुरैना पुलिस ने उसकी भतीजी प्रीति गुर्जर (18) को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि प्रीति चाचा गुड्डा को राशन और कारतूस देने जा रही थी। वह रात में अकेली ही पकड़ी गई थी। बाद में पुलिस ने उसके भाई, पिता और मौसा को भी अरेस्ट कर लिया था।
मजदूरों को अगवा कर पर्ची थमाई, लिखा- पटिया वाले की जय…
जनवरी 2020 की रात सुमावली थाना क्षेत्र में अंबिकेश्वर मंदिर के पास सड़क निर्माण का काम चल रहा था। वहां मजदूरों पर गुड्डा की गैंग ने धावा बोल दिया। 9 मजदूरों का अपहरण कर उन्हें पीटते हुए जंगल में ले गए। डकैत बिस्तर तक छीनकर भाग गए थे। जिन मजदूरों का अपहरण किया, उसने उनके कपड़े तक उतरवा लिए और चड्डी बनियान में वापस भेजा था। जाते-जाते वह एक पर्ची थमा गया था, जिस पर लिखा था- पटिया वाले की जय, तीन लाख रुपए ठेकेदार जब दे देगा, तब ही काम शुरू करें।

30 हजार से बढ़कर 60 हजार इनाम
2020 तक डकैत गुड्डा पर 30 हजार रुपए का इनाम था, लेकिन 2022 आते-आते उसके अपराधों का ग्राफ इतना बढ़ गया कि इनाम बढ़ाकर डबल यानी 60 हजार रुपए कर दिया गया। इसके बाद अब विभाग ने मंत्रालय को 1 लाख रुपए इनाम घोषित करने की सिफारिश की थी। पिछले दो साल के अंदर गुड्डा डकैत ने ताबड़तोड़ अपराध किए।
राजस्थान के 2 लाख के इनामी डकैत से संबंध
डकैत गुड्डा गुर्जर की गैंग में शामिल बिलस्टर गुर्जर, संजय गुर्जर व अन्य को पुलिस ने पकड़कर जेल में डाल दिया है। इसके बावजूद उसे राजस्थान के कुख्यात डकैत केशव गुर्जर (दो लाख का इनामी) और जगन गुर्जर से उसके अच्छे संबंध हैं। वह उनके निरंतर संपर्क में रहता है। चंबल के कुख्यात और 65 हजार रुपए के इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर ने चांचौल गांव के लोगों को गांव खाली करने की धमकी दी है। इस खबर की पुष्टि करने दैनिक भास्कर की टीम मुरैना शहर से लगभग 100 किमी दूर पहाड़गढ़ क्षेत्र के चांचौल गांव पहुंची। वहां बलवीर, नरेश गुर्जर सहित गांव के दर्जन भर ग्रामीणों ने इस बात को सच बताया। उन्होंने कहा कि डकैत ने उन्हें जमीन देने या फिर गांव खाली कर कहीं और बसने का फरमान सुनाया है।

डकैत के रिश्तेदारों ने वन विभाग की जमीन पर कब्जा किया
चांचौल गांव के पप्पू गुर्जर ने अपनी लड़की की शादी डकैत गुड्डा गुर्जर के भतीजे से की है। पप्पू गुर्जर और मातादीन गुर्जर दोनों उसके रिश्तेदार हैं। दोनों ने चांचौल गांव की लगभग 300 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। ये जमीन वन विभाग की है और गांव के लोग इस पर मवेशी चराते थे। गांव वालों ने एसपी आशुतोष बागरी से शिकायत की तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से कहा कि इस जमीन से कब्जा हटवाओ, लेकिन गुड्डा डकैत के डर से थाना प्रभारी ने भी अपने हाथ पीछे खींच लिए।
सीएम के निर्देश के बाद 4 जिलों के 20 थानों की पुलिस अलर्ट पर
गुड्डा को पकड़ने के मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद श्योपुर सहित 4 जिलों के 20 थानों की पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। गिरोह की मूवमेंट को लेकर मुखबिर तंत्र के जरिए उनके मददगारों पर शिकंजा कसने में जुटी रही, ताकि मददगार के सहारे गुड्डा गुर्जर गिरोह तक पहुंचा जा सके। सभी जिलों के एसपी ने मुरैना के गुड्डा गुर्जर गिरोह का क्षेत्र माने जाने वाले पहाड़गढ़ के जंगल से लगती सीमाओं को सील कर दिया।
मुरैना पुलिस ने मददगारों को किया राउंडअप
मुरैना पुलिस ने गुड्डा गुर्जर के लोहागढ़ निवासी साथी करुआ गुर्जर का मकान लोहागढ़ में जाकर तोड़ दिया। इसके बाद उसके मददगारों को उठाना शुरु कर दिया। नूराबाद पुलिस ने चार मददगारों को उठाया, तो बानमोर पुलिस ने गुड्डा गुर्जर के बड़े भाई पप्पू गुर्जर, उसकी बेटी प्रीति गुर्जर, बेटे यश गुर्जर और साढ़ू श्रीकृष्ण गुर्जर को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़िए…
डकैत गुड्डा गुर्जर लंगड़ाता रहा, फिर भी बंदूक चलाता रहा

पुलिस ने चंबल के कुख्यात इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों ओर से 100 गोलियां चलीं। ये मुठभेड़ बुधवार रात 8 बजे ग्वालियर से 40 किलोमीटर दूर जंगल हुई। डकैत गुर्जर के पैर में गोली लगी है। इसके बाद भी फायरिंग करता रहा। उसके 3 साथी भाग निकले। गुड्डा के सर्च ऑपरेशन को लीड कर रहे ASP क्राइम राजेश दंडौतिया ने दैनिक भास्कर से इस शॉर्ट एनकाउंटर पर बात की। उनसे ही जानते हैं…
Source link