भोपाल की करोंद मंडी में मुर्हूत के सौदे: 4911 रु. क्विंटल बिका सोयाबीन; गेहूं-मक्का के भी अच्छे रेट मिले

[ad_1]
भोपाल8 घंटे पहले
- कारोबार शुरू करने से पहले हुई पूजा
भोपाल की करोंद अनाज मंडी में गुरुवार को मुर्हूत के सौदे हुए। व्यापारियों ने पहले तौल कांटों की पूजा-अर्चना की। फिर अनाज की खरीदी शुरू की गई। मुर्हूत में अनाज बेचने के लिए बुधवार की रात से ही किसान मंडी में आ चुके थे। सोयाबीन के रेट 4911 रुपए क्विंटल तक रहे। व्यापारियों ने दिवाली मिलन समारोह भी आयोजित किया।
दिवाली के चलते 22 अक्टूबर से मंडी में खरीदी बंद थी, जो पांच दिन बाद गुरुवार को खुली। सुबह 11 से दोपहर 12.30 और दोपहर 3 बजे से दो शिफ्ट में खरीदी की गई। बड़झिरी गांव के कृषक तीरथ शर्मा का सोयाबीन सबसे पहले खरीदा गया, जो 4911 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बिका। वहीं, बड़झिरी की ही परी शर्मा की मक्का 1960 और सेमरा के अभिषेक का गेहूं 2368 रुपए क्विंटल के रेट पर बिका।
व्यापारियों ने पूजा-अर्चना की
भोपाल ग्रेन एवं आइल सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीवकुमार जैन ने बताया कि अनाज की नीलामी से पहले कांटा पूजन भी किया गया। सुबह साढ़े 10 बजे से व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान पर पूजा-अर्चना की। वहीं, दोपहर 1 बजे बाद दिवाली मिलन समारोह का आयोजन भी हुआ।
Source link