दूसरों को पत्नी सौंपना चाहता था मैनेजर: मना किया तो पीटा; बोला- यह मॉडर्न कल्चर है

[ad_1]
भोपाल17 मिनट पहलेलेखक: नीलेंद्र पटेल
भोपाल की एक महिला पर मैनेजर पति ने वाइफ स्वैपिंग गेम (पत्नी की अदला-बदली) खेलने का दबाव बनाया। मना किया तो मारपीट की और अननैचुरल संबंध बनाए। इससे उसे इन्जुरी हुई तो उसे मायके छोड़ गया। महिला ने केस दर्ज कराया है।
महिला ने वाइफ स्वैपिंग या वाइफ एक्सचेंज की शिकायत भोपाल के महिला थाने में की है। महिला के मुताबिक 5 स्टार होटल का मैनेजर पति इस गेम का हिस्सा बनने के लिए दबाव बना रहा है। गेम से अनजान महिला को जब सच्चाई पता चली, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने इस गंदे गेम में शामिल होने से मना कर दिया। फिर शुरू हुआ प्रताड़ना का खेल। पति ने उससे अननैचुरल सेक्स किया। जमकर मारपीट की। परेशान महिला ने सुसाइड का मन बना लिया। भनक लगते ही पति ने उसे मायके भोपाल में छोड़ दिया। दैनिक भास्कर ने इस मामले की पड़ताल की। पढ़िए, पीड़िता का दर्द, उसी की जुबानी…
पति की प्रताड़ना की पूरी कहानी…
मेरी उम्र 22 साल है। भोपाल की रहने वाली हूं। माता-पिता सऊदी अरब में रहते हैं। मां भोपाल में रहती हैं। पापा ने 10 जून 2022 को मोहल्ले के ही रहने वाले युवक से निकाह करा दिया। पेरेंट्स ने हैसियत से बढ़कर 30-35 लाख रुपए निकाह में खर्च किए। तब शौहर ने बताया था कि वह बीकानेर में 5 स्टार होटल में मैनेजर है। मैनेजमेंट की तरफ से उसे घर भी दिया हुआ है। मेरी सास, ननद ने भी यही बात बताई। तीनों ने कहा- तुम्हें बीकानेर में रहना पड़ेगा। मैं भी खुश थी। दिल में शादी को लेकर अरमान थे। 24 जून को पति मुझे बीकानेर लेकर गया। यहां पता चला- मैनेजमेंट की तरफ से कोई मकान नहीं दिया गया। पति ने मुझे उसी होटल के कमरा नंबर 104 में रखा, जिसमें वह नौकरी करता था।
यहां मेरे बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। होटल में 2-3 दिन रुकी। फिर पति ने वह रूप दिखाना शुरू किया, जिसके बारे में सपने में भी नहीं सोचा था। वह नशे में धुत होकर आने लगा। ऐतराज जताया, तो कहने लगा मैं हाई सोसाइटी में रहता हूं। 5 स्टार होटल का मैनेजर हूं। शराब पीना, ड्रग्स लेना, अलग-अलग लड़कियों से संबंध बनाना, लड़कों से संबंध बनाना, ब्लू फिल्में देखना मेरे लिए आम है। यह सुनकर मैं शॉक्ड हो गई।
मैं डरी-सहमी रहने लगी। जब मैंने पति को समझाया, तो वह आक्रामक हो गया। गाली-गलौज करते हुए बोला- तेरे मां-बाप ने 5 स्टार होटल के मैनेजर से शादी की है, किसी कबाड़ी से नहीं, इसलिए बाप से 50 लाख रुपए दिलाओ। अन्यथा तुम्हारे साथ ऐसा होगा, जो तुमने कभी नहीं सोचा होगा।
परिवार वालों से बात करने पर रोक लगा दी। फोन भी छीन लिया। जब भी कहीं बात करनी होती थी, पति से फोन मांगकर करती थी। बात करने के बाद फोन वापस देना पड़ता था। 10-15 दिन बाद उसने ऐसी बात कही, जो दुनिया का कोई भी पति सोचने तक में अपमान महसूस करेगा। बोला- होटल और मेरे फ्रेंड सर्कल के बीच वाइफ स्वैपिंग का गेम होता है। वो गेम तुझे खेलना होगा। मैं इस गेम के बारे में कुछ नहीं जानती थी। मैंने पूछा- यह क्या होता है? उसने बताया कि सभी लोग शराब पीते हैं। बार में डांस चलता है। तभी अचानक लाइट बंद कर दी जाती है। इसके बाद जिसके हाथ में जिसकी पत्नी आ जाती है, वह उसे ले जाकर उसके साथ रूम में चला जाता है।
मैंने ऐसा करने से मना कर दिया। उसने मुझे गंवार कहकर पीटा। गेम में शामिल होने के लिए दबाव बनाया। यहां तक कि अप्राकृतिक संबंध बनाया। मैं काफी घबरा गई। बीमार रहने लगी, लेकिन पति की हरकत कम नहीं हुईं। वह लगातार गेम में शामिल होने के लिए दबाव बनाता रहा।
परेशान होकर मैंने कहा- मैं होटल के रूम की विंडो से कूदकर सुसाइड कर लूंगी या फांसी लगा लूंगी। अन्यथा वापस मुझे भोपाल लेकर चलो। इसके बाद वह मुझे इस शर्त पर भोपाल लेकर आया कि मैं परिवार से शिकायत नहीं करूंगी। वह मुझे मेरे घर छोड़कर बीकानेर वापस भाग गया।
(जैसा महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया।)

सास-ननद ने कहा- मॉडर्न कल्चर में यह आम
आरोपी पति महिला को मायके छोड़कर वापस बीकानेर चला गया। महिला ने कहा कि जब यह बात सास और ननद को बताई। उन्होंने भी कहा कि मॉडर्न कल्चर में यह आम है। तुम कौन से जमाने में जी रही हो। पुलिस ने सास और ननद को भी आरोपी बनाया है। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में एडमिट कराया
महिला ने बताया कि भोपाल आने के बाद सास, ननद ने जब उसे गंभीरता से नहीं लिया, तो उसने फोन कर यह बात अपनी मां को बताई। मां इन दिनों पिता के पास सऊदी अरब में थीं। बात होने पर वह भोपाल पहुंचीं। मेरी तबीयत दिनों-दिन बिगड़ती जा रही थी। फिजिकल कंडीशन भी बहुत ही खराब थी। हालत देखकर मां ने 3 अक्टूबर को क्षितिज अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार आने के बाद 13 अक्टूबर को महिला थाने में शिकायत कराई। पुलिस ने केस दर्ज किया।

एन्जॉय करने के मिलेंगे 25-25 हजार
महिला ने बताया कि पति ने कहा था कि यह 5 स्टार होटल है। यहां अमीर लोग आते हैं। लड़की के साथ एन्जॉय करने का 25-25 हजार रुपए देते हैं। तुम्हें भी यही सब करना होगा। मैं इसके लिए भी राजी नहीं हुई। इस पर पति ने बेरहमी से पीटा।
टीआई बोलीं- पति ने शौक बताए
महिला थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने कहा कि महिला पर पति ने वाइफ स्वैपिंग का दबाव नहीं बनाया। आरोपी ने सिर्फ अपने शौक बताए हैं, जबकि FIR में वाइफ स्वैपिंग गेम के लिए मजबूर करने का जिक्र है। पीड़िता ने पुलिस को जो आवेदन भी दिया है, उसमें भी वाइफ स्वैपिंग का जिक्र है। इसके बावजूद महिला थाना प्रभारी इससे मना करती रहीं।

आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज
गुरुवार को भोपाल जिला अदालत में पति ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई। पीड़िता के वकील परवेज आलम ने विरोध किया। आलम ने कोर्ट को बताया कि आरोपी साक्ष्य मिटा सकते हैं। पीड़िता को उनसे जान का खतरा है। दहेज में दिए सामान की जब्ती करनी है। यदि कोर्ट अग्रिम जमानत देती है, तो केस पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। दलील सुनने के बाद कोर्ट ने जमानत खारिज कर दी। बुधवार को पीड़िता की सास, ननद की भी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है।
वाइफ स्वैपिंग यानी बीवियों की अदला-बदली
वाइफ स्वैपिंग यानी बीवियों की अदला-बदली। इस घिनौने खेल में लोग एक रात के लिए दूसरे की पत्नी के साथ रिलेशन बनाते हैं। अपनी पत्नी को उस महिला के पति के पास भेजते हैं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो वाइफ स्वैपिंग यूरोपिन देशों में मशहूर है, लेकिन भारत में भी अब ये खेल खेला जाने लगा है। वाइफ स्वैपिंग को लेकर कई ग्रुप भी बनाए जाते हैं, जिनमें इस तरह के कपल्स एक-दूसरे से जुड़ते हैं। फिर आपसी रजामंदी से दूसरे के पार्टनर के साथ संबंध बनाते हैं।
कई बार इस तरह के गेम के लिए बकायदा बड़े ग्रुप भी तैयार किए जाते हैं। ड्रॉ निकाला जाता है, जिससे तय होता है कि कौन, किसकी पत्नी के साथ जाएगा। नए-नए तरीकों से वाइफ स्वैपिंग का ये गेम भारत में भी घुसपैठ कर रहा है। इस तरह के गेम में पति-पत्नी दोनों की मर्जी शामिल होती है, इसलिए ज्यादातर मामलों में ये खबरों का हिस्सा नहीं बन पाते, लेकिन कई बार पति जबरन पत्नी को दूसरे शख्स के साथ सेक्स करने के लिए मजबूर करता है।
(नोट : पीड़िता की पहचान उजागर नहीं हो, इसलिए आरोपी पति का नाम इस खबर में नहीं दिया गया है)
Source link