मन में आत्महत्या का विचार न आए, ऐसा परिवेश बनाना है
धमतरी, 12 सितंबर। रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग काॅलेज लिमतरा धमतरी के विद्यार्थियों ने रविवार को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया। बढ़ती आत्महत्या की रोकथाम का संदेश देते हुए जागरुकता रैली निकाली। ग्राम लिमतरा में आमजनों को इस विषय के प्रति जागरूक किया गया।
काॅलेज में जागरुकता कार्यक्रम में प्राचार्य संजय कुमार लाल ने विद्यार्थियों को आत्महत्या के कारणों और उसके बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल हैै। एक मनुष्य तमाम उम्मीदों के साथ जन्म लेता है और उससे कही ज्यादा उम्मीदों के साथ उनका पालन पोषण होता है, लेकिन जीवन के किसी भी पड़ाव पर नाउम्मीदी की एक लहर, मनोदशा पर ऐसा कहर बरपाती है कि इंसान अपने हाथों ही अपने अनमोल जीवन को असमय समाप्त कर देता है। जब भी ऐसा विचार आए या ऐसी असहज स्थिति महसूस हो तो व्यक्ति को अपने परिवार या दोस्तों के साथ समय बिताना चाहिए, जो विकट परिस्थितियों में मानसिक संबल प्रदान करेंगे। किसी भी व्यक्ति के मन में आत्महत्या का विचार आए ही ना, ऐसा परिवेश तैयार करना हम सबकी ज़िम्मेदारी होनी चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाॅप के रश्मि, कल्पना, टिकेश्वरी, आशीष, निधि, देवेश साहू, कुलेश्वर सिन्हा, टोपेश्वर, अनीश , ऊष्मा सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।