Chhattisgarh

5 दिवसीय प्रदेश स्तरीय विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर का हुआ भव्य समापन

सक्ती। जिले के शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) में आयोजित 5 दिवसीय प्रदेश स्तरीय विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर का शानदार समापन 31 जनवरी 2026 को हुआ। यह विशेष प्रशिक्षण शिविर 27 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें परिसर की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पाँच दिवसीय इस विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर के दौरान छात्राओं को पुश-अप, सिट-अप, 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट, लंबी कूद एवं हैंडबॉल जैसे विभिन्न खेलों का व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को खेलों की तकनीकी जानकारी देना, उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना तथा खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला सक्ती की सहायक आयुक्त सुश्री स्वप्निता सिंह रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से छात्राओं ने खेलों की बारीकियों को सीखा है और अपनी प्रतिभा को और बेहतर रूप में विकसित किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं तथा शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) की अधीक्षिका श्रीमती संगीता प्रसाद को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

सुश्री स्वप्निता सिंह ने कहा कि खेल प्रशिक्षण न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

आयोजन के अंत में विशेष खेल प्रशिक्षण शिविर के प्रशिक्षक श्री रामदेव बोले को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जैजैपुर मंडल निरीक्षक देव प्रसाद बर्मन, अधीक्षकगण, कर्मचारीगण एवं सभी छात्राएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) की अधीक्षिका श्रीमती संगीता प्रसाद द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button