44वें राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के अवसर पर दिल्ली में भव्य आयोजन, श्री मोदी दिल्ली रवाना

कोरबा,02 अगस्त2025/ भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, नई दिल्ली के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर 03 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय व्यापारी दिवस का भव्य आयोजन रंग भवन, आकाशवाणी ऑडिटोरियम, संसद मार्ग, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश भर के सभी प्रांतों से भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के बड़ी संख्या में सम्मिलित होने की संभावना है।
कार्यक्रम के सह-स्वागताध्यक्ष भारतीय उद्योग व्यापार मंडल छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष अशोक मोदी होंगे। कार्यक्रम नई दिल्ली के मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न होगा। विशिष्ट अतिथियों में सुनील सिंघी (व्यापारी कल्याण बोर्ड भारत सरकार के अध्यक्ष), केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, अर्जुनराम मेघवाल और विजय बघेल (सांसदः दुर्ग) की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता करेंगे। अशोक मोदी एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर बंसल आज प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों के साथ विशेष रूप से नई दिल्ली रवाना हो गए हैं और वे इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, समाधान के उपायों, तथा सरकारी नीतियों को सामने रखेंगे।
अशोक मोदी ने छत्तीसगढ़ के व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में सहभागिता कर इस आयोजन को सफल बनाएं एवं छत्तीसगढ़ के व्यापार वृद्धि एवं जी.एस.टी. के सरलीकरण हेतु अपने अपने सुझाव व्हाट्सएप के माध्यम से देवें ताकि प्रदेश के व्यापार मंडल के माध्यम से सरकार तक बात पहुंचाई जा सके।