Chhattisgarh

38वीं जूनियर नेशनल नेटबॉल: जांजगीर की मेघा का कमाल, छत्तीसगढ़ बालिका टीम सेमीफाइनल में


जांजगीर-चांपा। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने 38वीं जूनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश में अपने शानदार प्रदर्शन के सिलसिले को बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने बिहार को 21-18से करारी शिकस्त दी। अब सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला पंजाब की टीम से होगा।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा जिले के सेमरा गांव की मेघा कुमारी डहरिया छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का मान बढ़ा रही हैं। मेघा ने जांजगीर में रहकर नेटबॉल खेल का कड़ा प्रशिक्षण लिया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की की।

प्रतियोगिता के दौरान छत्तीसगढ़ की टीम शुरुआत से ही विपक्षी टीमों पर हावी रही। अपने पहले लीग मैच में टीम ने तेलंगाना को 31-1 से और दूसरे मैच में गुजरात को 18-14 से हराकर अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश को 27-6 के भारी अंतर से हराने के बाद, क्वार्टर फाइनल में बिहार को 21-18 मात देकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।


छत्तीसगढ़ की इस मजबूत टीम में कप्तान टी. साईका (दुर्ग), सोनाक्षी मांडवी (दुर्ग), निशा वर्मा व सुषमा नायक (रायपुर), मेघा डहरिया (जांजगीर-चांपा), झिलमिल सोनकर (राजनांदगांव), सिमरन भगत व रुद्राक्षी (सरगुजा) और प्रियंका व पूजा (धमतरी) शामिल हैं। टीम को नेशनल गेम्स की पूर्व मैनेजर पूनम निषाद बतौर कोच और नितेश मैनेजर के रूप में मार्गदर्शन दे रहे हैं।
एसोसिएशन के सचिव राजेश राठौर ने बताया कि खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे जांजगीर के खोखरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10 से 18 फरवरी तक लगा विशेष प्रशिक्षण कैंप है। खिलाड़ियों की मेहनत और सटीक टीम कॉम्बिनेशन का ही परिणाम है कि टीम आज सेमीफाइनल में पहुँच गई है। टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर एसोसिएशन की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा सहित पूरे प्रदेश के खेल पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने उम्मीद जताई है कि यदि टीम इसी लय में खेलती रही, तो वे फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाएंगी।

Related Articles

Back to top button