3 राज्यों में भाजपा की जीत पर जांजगीर-चांपा में जश्न, आतिशबाजी और मिठाई बांटकर कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

जांजगीर-चांपा। तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक चुनावी जीत की खुशी में जांजगीर-चांपा जिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में मिली चुनावी सफलता के बाद कचहरी चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और झालमुड़ी खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रही विकास की राजनीति की जीत बताया।
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत मोदी सरकार की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और यही विश्वास चुनावी परिणामों में दिखाई दे रहा है।
जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता ने परिवर्तन का स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने इसे वहां की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि अब विकास की नई धारा शुरू होगी और लोगों के मन से भय का वातावरण समाप्त होगा।
जश्न के दौरान भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ जांजगीर द्वारा कचहरी चौक में विशेष झालमुड़ी स्टॉल लगाया गया। यहां लोगों को लड्डू और झालमुड़ी वितरित कर जीत की खुशियां साझा की गईं। इस स्टॉल का संचालन मनोज अग्रवाल, मुरली गुरनानी, ऋषि टहलनी सहित अन्य सदस्यों ने किया।
कार्यक्रम में नंदनी राजवाड़े, रेखा गढ़वाल, संतोषी दुबे, अमर सुल्तानिया, प्रशांत सिंह, पंकज अग्रवाल, आशु गोस्वामी, पुष्पेंद्र सिंह, नवीन राठौर, विवेका गोपाल, राकेश रूपवानी, हितेश यादव, मोहन यादव, नारायण देवांगन, उमेश राठौर, अजीत गढ़वाल समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा में भाजपा की इस जीत का जश्न देर तक चलता रहा और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मजबूती तथा जनता के विश्वास की जीत बताया।




