Chhattisgarh

24 घंटे में सूने मकान की चोरी का खुलासा, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 25 फरवरी 2026। थाना बलौदा पुलिस ने सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक महिला सहित दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी संजय मिरी, निवासी बलौदा, 16 फरवरी 2026 को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए थे। 23 फरवरी को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर के कमरे का ताला टूटा हुआ है। अज्ञात चोरों द्वारा घर से सोने का हार, 20 हजार रुपये नगद तथा आधार कार्ड चोरी कर लिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना बलौदा पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। इसके बाद दिव्यांशु सूर्यवंशी उर्फ भैया (19 वर्ष) एवं सुशीला बाई सूर्यवंशी (36 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जावलपुर, को हिरासत में लेकर वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की नगदी राशि 20 हजार रुपये बरामद की गई।

गिरफ्तारी के उपरांत आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button