Chhattisgarh

15 दिसंबर से खरमास के चलते एक माह तक शादियों पर लगेगा विराम, 18 जनवरी 2027 से फिर गूंजेंगी शहनाइयां

0.चार माह बाद 20 नवंबर से देवउठनी एकादशी पर शुरू होंगे विवाह मुहूर्त, 2027 में फरवरी में सबसे अधिक 17 दिन मिलेंगे शुभ लग्न

कोरबा, 16 नवंबर 2026। चार माह के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर शादी-विवाह का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। देवउठनी एकादशी के अवसर पर 20 नवंबर से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे। इसके साथ ही विवाह समारोहों की तैयारियां तेज हो जाएंगी और मांगलिक आयोजनों की रौनक लौटेगी। हालांकि, इस वर्ष विवाह के लिए शुभ मुहूर्त की अवधि काफी सीमित रहेगी। 20 नवंबर से 12 दिसंबर तक कुल 23 दिनों के अंतराल में केवल 16 दिन ही विवाह के शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद 15 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण करीब एक माह तक शादियों पर विराम लग जाएगा।

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, खरमास 15 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक रहेगा। इस दौरान विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे। नए वर्ष में 18 जनवरी 2027 से एक बार फिर विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे। वर्ष 2027 विवाह के लिहाज से विशेष रहने वाला है। उपलब्ध ज्योतिषीय गणना के अनुसार, पूरे वर्ष में करीब 96 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त रहने का अनुमान है। यह पिछले 26 वर्षों में सर्वाधिक बताया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2019 में 94 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त थे। वहीं, वर्ष 2026 में केवल 59 दिन ही विवाह के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहे।

वर्ष 2026 में शुक्र तारा अस्त रहने के कारण जनवरी माह में विवाह का एक भी मुहूर्त नहीं था। इसके चलते इस वर्ष विवाह के शुभ मुहूर्त 5 फरवरी से शुरू हुए थे। आगामी वर्ष में ऐसी स्थिति नहीं रहने के कारण विवाह के अधिक अवसर मिलेंगे। विशेष रूप से फरवरी 2027 में सर्वाधिक 17 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त निर्धारित हैं। जनवरी में 18, 19, 20, 24, 26 से 29 और 31 जनवरी को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। फरवरी में 2, 3, 9, 10, 11, 14, 15, 16 तथा 20 से 28 फरवरी तक विवाह के लिए शुभ तिथियां रहेंगी।

इसी तरह मार्च में 1 से 4, 9, 10, 11 और 14 मार्च को विवाह के मुहूर्त हैं। अप्रैल में 16, 18, 19, 21, 23 और 25 से 28 अप्रैल तक शुभ तिथियां रहेंगी। मई और जून में भी विवाह के लिए कई शुभ अवसर उपलब्ध होंगे। जुलाई में 1, 2, 7, 9, 10, 11 और 12 जुलाई को विवाह के मुहूर्त रहेंगे। इसके बाद 14 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास प्रारंभ होने से विवाह सहित मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। चातुर्मास के बाद 20 नवंबर 2027 से दोबारा विवाह समारोह शुरू हो सकेंगे।

महात्मा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में वर्ष के अंतिम और शुरुआती महीनों में गुरु एवं शुक्र के अस्त रहने के कारण विवाह के शुभ मुहूर्त प्रभावित होते रहे हैं। इस बार ऐसी स्थिति नहीं होने से वर्ष 2027 में विवाह के अधिक शुभ अवसर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से विवाह मुहूर्त प्रारंभ होंगे और 12 दिसंबर अंतिम विवाह मुहूर्त रहेगा।

विवाह के लिए वसंत पंचमी 11 फरवरी, अक्षय तृतीया एवं परशुराम जयंती 9 मई, भड़ली नवमी 12 जुलाई तथा विवाह पंचमी 3 दिसंबर 2027 की तिथियां भी विशेष महत्व रखती हैं। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button