13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने का AAP ने लगाया आरोप, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR रद्द करने की मांग

रायपुर, 23 सितंबर 2026। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में कथित तौर पर गैरकानूनी SIR प्रक्रिया के जरिए 30 राज्यों के करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
आशुतोष गोपाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त इस पूरी प्रक्रिया में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 महीनों में दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार चुनाव आयोग के फैसलों पर आपत्तियां दर्ज कराईं, लेकिन उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज करते हुए आयोग की स्पष्ट अनुमति के बिना SIR प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी ने कथित वोट चोरी के संबंध में साक्ष्य सामने रखे थे, लेकिन चुनाव आयोग ने इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
AAP की प्रमुख मांगें
आम आदमी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने SIR प्रक्रिया को तत्काल रद्द कर तीन वर्ष पुरानी मतदाता सूची को पुनः जारी करने की मांग भी रखी है।
इसके अलावा पार्टी ने पिछले तीन वर्षों में कथित रूप से प्रभावित मतदाता सूचियों के आधार पर कराए गए चुनावों को रद्द कर नई और निष्पक्ष मतदाता सूची के आधार पर दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।
आशुतोष गोपाल ने कहा कि यदि कथित वोट चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष करेगी।




