Chhattisgarh

12 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल, धान की फसल को पंहुचा रहे नुकसान, वन विभाग अलर्ट

कोरिया,15 सितंबर। बैकुंठपुर वन मंडल क्षेत्र में 12 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों का दल दिनभर दामुज क्षेत्र में आराम करने के बाद रात में नगर और दुर्गापुर गांव क्षेत्र को पार करते हुए भंडारपारा के रास्ते सलका गांव की कांदाबाड़ी पहुंचा।

रातभर हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर
हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने की सूचना से ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे। बताया जा रहा है कि हाथियों के दल ने क्षेत्र में खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों में फसल के साथ-साथ जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

वन विभाग करेगा फसल नुकसान का आकलन
हाथियों द्वारा फसल को पहुंचाए गए नुकसान का जायजा लेने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचेगी। विभाग की ओर से नुकसान का आकलन किए जाने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।

वन और बिजली विभाग की टीम अलर्ट
हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग और विद्युत विभाग की टीमें उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। विभागीय अमला हाथियों के मूवमेंट की निगरानी कर रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के दल से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है। ग्रामीणों को हाथियों के करीब न जाने और उनकी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button