10 हजार एकड़ में खड़े होंगे राहुल के 60 कंटेनर: बुरहानपुर से 17KM दूर बोदरली गांव तक सिर्फ भारत जोड़ो यात्रा की चर्चा

[ad_1]
बुरहानपुर10 मिनट पहले
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर जिले के ग्राम बोदरली से मप्र में प्रवेश करेगी। वह महाराष्ट्र के जलगांव जामोद होते हुए 20 नवंबर को शाम 7.30 बजे बोदरली पहुंचेंगे। बोदरली मप्र महाराष्ट्र की सीमा से लगा गांव है। इससे महज कुछ दूरी पर ही महाराष्ट्र का ग्राम करोली लगता है।
राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक कुल 3570 किलोमीटर पैदल चलेंगे। जब राहुल गांधी बोदरली पहुंचेंगे, तब तक वह यात्रा के 2000 किमी पूरे कर चुके होंगे। यात्रा के साथ-साथ 60 कंटेनर भी चल रहे हैं, जिन्हें खड़ा करने के लिए गांव में 10 एकड़ कृषि भूमि काे समतल किया जा रहा है। यहां की तैयारियों काे देखने दैनिक भास्कर की टीम गांव पहुंची…
पहले राहुल गांधी की यात्रा में हुए परिवर्तन को जान लेते हैं…
राहुल गांधी की यात्रा में हाल ही में कुछ परिवर्तन हुआ है। वह 20 नवंबर को बोदरली पहुंचकर 21 को स्टे करेंगे। 22 को वे गुजरात पहुंचकर चुनाव प्रचार करेंगे। रात में वापस लौटेंगे और फिर 23 नवंबर को बोदरली से भारत जोड़ो यात्रा निकलेगी जो बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेगी। यहां से खंडवा की ओर रवाना हो जाएगी।

बोदरली गांव की दीवारों पर राहुल गांधी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के स्लोगन नजर आने लगे है। भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को यहां पहुंचेंगी।
अब चलते हैं बुरहानपुर से बोदरली गांव की ओर…
राहुल गांधी की यात्रा को लेकर बुरहानपुर शहर होर्डिंग और बैनर से पटा हुआ है। शहर से 17 किमी दूर बोदरली गांव है। 5 हजार की आबादी वाला यह गांव मप्र और महाराष्ट्र को जोड़ता है। बुरहानपुर से महाराष्ट्र के लिए जब हाईवे पर गुजरते हैं तो पूरे रास्ते जगह-जगह भारत जोड़ो यात्रा की ही चर्चा है। बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं।
बोदरली गांव में तो उत्साह का माहौल है। ऐसा प्रतीत हो रहा है, जैसे कुछ बहुत खास होने जा रहा हो। गांव में जगह-जगह पोस्टर, होर्डिंग लगे हैं। वहीं, दीवारों पर राहुल गांधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के नाम लिखे गए हैं। कई लोगों ने तो इस यात्रा को अभी से परिवर्तन के रूप में देखना शुरू कर दिया है। मंहगाई और अन्य मुद्दों पर आवाज उठाने को लेकर भी राहुल को सराहना मिल रही है।
60 कंटेनर के लिए समतल की जा रही 10 एकड़ खेत की जमीन
राहुल की यात्रा के साथ 60 कंटेनर चल रहे हैं। इन्हीं कंटेनर में राहुल गांधी समेत उनके साथ चल रहे लोग विश्राम करते हैं। इन्हें खड़ा करने के लिए गांव के बाहर 10 एकड़ कृषि भूमि को चिह्नित किया गया है। यह जमीन है, बुरहानपुर के संदीप मुंदड़ा और बोदरली के सुधीर रामराव पाटिल की।
इस जमीन को समतल करने के लिए रात-दिन जेसीबी-ट्रैक्टर दौड़ रहे हैं। राहुल गांधी के कंटेनर को खड़ा करने के लिए खेत के बीच वाले स्थान को चुना गया है। उनका कंटेनर खेत के बीचोबीच खड़ा होगा। जबकि आसपास अन्य कंटेनर होंगे। मुख्य मार्ग के ठीक सामने सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह तैयारी रहेगी।

10 एकड़ कृषि भूमि को समतल करने का काम जारी है। इसे जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से ठीक किया जा रहा है।
पहले दिन 14 किमी पैदल यात्रा चलेगी
भारत जोड़ो यात्रा के तहत 23 नवंबर को सुबह पहले चरण में 14 किलोमीटर तक पैदल चलने की संभावना है। इस दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीण मुख्य मार्ग के दोनों ओर एकत्रित होकर राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। बड़ी संख्या में कीर्तन मंडली, लेझिम अखाड़े सम्मिलित रहेंगे।
मालवा और निमाड़ की संस्कृति से कराएंगे रूबरू
राहुल गांधी को मध्यप्रदेश, निमाड़ की संस्कृति से अवगत कराने के लिए अलग-अलग रंग रूप से स्वागत की तैयारियां की जा रही है। आदिवासी नृत्य मंडली भी अपनी प्रस्तुति देगी। राहुल गांधी का दोपहर का भोजन सेंट जेवियर स्कूल में रखा गया है। उपनगर लालबाग में 3 क्विंटल फूलों से भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करने की तैयारी है। बोदरली गांव में प्रतिनिधिमंडल राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे, जिसमें केला, गन्ना उत्पादक किसान, उद्योगपति, बुनकरों का दल उनसे चर्चा करेगा। पैदल यात्रा सेंट जेवियर स्कूल से शाम 4 बजे शुरू होकर ट्रांसपोर्ट नगर में आम सभा के रूप में परिवर्तित होगी।

हाईवे किनारे की जमीन को कंटेनर को खड़ा करने के लिए चुना गया है। यह गांव से कुछ दूरी पर ही हैं। यहां यात्रा के साथ चल रहे 60 कंटेनरों को खड़ा किया जाएगा।
जिम्मेदारी बदलने से नेताओं के चेहरे भी बदले
शुरुआत में राहुल गांधी की यात्रा की स्वागत की तैयारियों का जिम्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव को दिया गया था, लेकिन बाद में यह जिम्मा बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह को दे दिया गया। इसके बाद बैनर पोस्टरों पर हर जगह राहुल गांधी के साथ ठाकुर सुरेंद्र सिंह और उनके समर्थकों के ही फोटो नजर आने लगे। इसे लेकर कहीं न कहीं आपसी खींचतान भी देखने को मिल रही है।
यात्रा के दौरान यह भी होगा
- भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी आमजन से भी मुलाकात करते हैं। इसलिए सामाजिक संगठन, आमजन से वह कहीं भी चर्चा कर सकते हैं।
- देशभर के विभिन्न शहरों से बुरहानपुर जिले में नेताओं का जमावड़ा रहेगा। प्रतिदिन स्थानीय के अलावा बाहरी नेता यहां विजिट कर रहे हैं। अब तक करीब दो दर्जन से अधिक केंद्रीय और प्रदेश स्तरी नेता बोदरली में व्यवस्थाओं का जायजा लेने आ चुके हैं।

बोरदली गांव बुरहानपुर शहर से 17 किमी दूर है। यहां से यात्रा बुरहानपुर आएगी और फिर खंड़वा के लिए रवाना होगी।
जेड प्लस के अलावा 600 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात
एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का अधिकृत कार्यक्रम आ गया है। उन्हें प्राप्त जेड प्लस सुविधा के अलावा पुलिस के करीब 600 से अधिक जवान वहां तैनात रहेंगे। बाहर से भी फोर्स बुलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी।
1.50 लाख से अधिक लोग करेंगे अगवानी
राहुल गांधी की स्वागत यात्रा के प्रभारी और बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह (शेरा भैया) ने बताया कि जहां-जहां राहुल गांधी के पैर पड़ेंगे, वहां-वहां हम फूल बिछाएंगे। ग्राम बोदरली से लेकर असीरगढ़ तक रास्ते में जगह-जगह रंगोली सजाई जाएगी। करीब 1.50 लाख से अधिक लोग राहुल की आगवानी करेंगे। उनकी जगह-जगह आरती भी की जाएगी। उन्होंने कहा हमारा तीन पीढ़ी से गांधी परिवार से जुड़ाव है। इससे पहले भी इंदिरा जी, सोनिया जी यहां आ चुकी हैं। इतने बढ़े नेता के आगमन की तैयारी की जिम्मेदारी हमें मिली है।
विधायक बोले, 23 को सुबह शुरू होगी यात्रा
विधायक ने कहा 20 नवंबर को यात्रा शाम 7.30 बोदरली पहुंच जाएगी। इससे पहले करोली ग्राम पंचायत तारापाटी में स्वागत होगा। 21, 22 नवंबर को यात्रा का ब्रेक रहेगा। 23 नवंबर को सुबह 6 बजे यात्रा की शुरूआत बोदरली बस स्टैंड से शुरू होगी। 10 बजे सेंट जेवियर स्कूल जैनाबाद फाटे पर सुबह का ब्रेक होगा। शाम 4 बजे फिर यात्रा शुरू होगी। शाम 7 बजे ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेगी। यहां से इंजीनियरिंग कॉलेज झिरी पहुंचेगी जहां रात्रि विश्राम होगा। 24 नवंबर को पदयात्रा निंबोला बस स्टैंड से शुरू होकर 10 बजे असीरगढ़ पहुंचेगी। वहां से खंडवा के लिए रवाना होगी।

पहले ही पहुंचा दिए जाते हैं 60 कंटेनर
भारत जोड़ो यात्रा में 117 भारत यात्री समेत 230 लोग कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी के साथ 3570 किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। ये लाेग साथ चल रहे 60 कंटेनरों में रात बिताते हैं। इन कंटेनरों को हर दिन यात्रा के दाैरान अगले पड़ाव पर रवाना कर दिया जाता है। इसी तरह बोदरली में भी होगा। जलगांव जामोद से यात्रा शुरू हाेगी ताे कंटेनरों काे वहां से सीधे बोदरली गांव रवाना कर दिया जाएगा।
कंटेनर में दो से 12 लोगों तक के रुकने की व्यवस्था
कांग्रेस नेताओं के अनुसार- राहुल गांधी और उनके सहयोगियों के कंटेनर में दो, चार, छह, आठ और 12 बिस्तर की व्यवस्था है। कुछ में शौचालय भी हैं, जबकि कुछ में नहीं हैं। इस दौरान ट्रकों पर लगे मोबाइल शौचालय और शॉवर भी विश्राम स्थल की जगहों पर खड़े किए जाते हैं।
ऐसे होगा राहुल गांधी का स्वागत
- आदिवासी वेशभूषा में भजन मंडलियां स्वागत करेंगे। बोदरली से निकलने पर गांव के दोनों ओर लोग स्वागत करने के लिए रहेंगे।
- रास्तेभर अलग अलग स्थानों पर मंच लगाकर राहुल गांधी की यात्रा की स्वागत की तैयारी किए जाने का कार्यक्रम है।
- यात्रा के दौरान राहुल गांधीा के कुछ धार्मिक स्थलों पर भी जाने की चर्चा, हालांकि इसकी पुष्टि और अधिकृत कोई कार्यक्रम नहीं आया है।
- पूरे बुरहानपुर शहर में जगह जगह बैनर, पोस्टर लगाए गए हैं। कुछ पर पूर्व में बुरहानपुर में आ चुकी इंदिरा गांधी के साथ नेताओं के फोटो नजर आ रहे हैं।

खेत की जमीन होने से यह ऊबड़-खाबड़ थी। अब यह पूरी तरह से समतल नजर आ रही है। जमीन के बीचोबीच राहुल गांधी का कंटेनर खड़ा होगा।
आने वाले दिनों में दिखेगा यात्रा का असर
ग्रामीण करण सिंह का कहना है कि यात्रा बहुत ही सफल होने वाली है। महंगाई ने आम इंसान की कमर तोड़कर रख दी है। यह यात्रा बहुत बड़ा परिवर्तन लाने वाली है। वहीं, तुकाराम का कहना है कि यात्रा का बहुत असर आने वाले दिनों में नजर आएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय रघुवंशी का कहना है कि यात्रा 20 तारीख को जिले में प्रवेश करने जा रही है। पूरे मप्र के लोग उत्साहित हैं। यहां हम हमारे नेता का ऐतिहासिक स्वागत करने वाले हैं। हमारी संस्कृति के अनुसार उनका अभिनंदन किया जाएगा। ऐसा स्वागत करेंगे कि पूरा देश बुरहानपुर को निहारेंगे। उन्होंने इस दौरान यात्रा के रूट को लेकर भी जानकारी दी।
भारत यात्री, अतिथि यात्री और प्रदेश यात्रियों से मिलकर बनी यह यात्रा
कन्याकुमारी से शुरू होकर यह यात्रा तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचुर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट और जम्मू से गुजरने के बाद श्रीनगर में पूरी होगी। इस यात्रा में शामिल होने वाले यात्रियों को ‘भारत यात्री’, ‘अतिथि यात्री’ और ‘प्रदेश यात्री’ नाम की 3 कैटेगरी में रखा गया है।
भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ी अन्य खबरें…
अब 28 नवंबर को इंदौर आएंगे राहुल गांधी

मध्यप्रदेश में बुरहानपुर से यात्रा की शुरुआत 23 नवंबर से होगी। यात्रा कार्यक्रम में कुछ बदलाव हो गया है। तारीखों में बदलाव के चलते अब ये यात्रा 28 नवंबर को इंदौर में पहुंचेगी। यहां वे राजबाड़ा और बड़ा गणपति मंदिर तक जाएंगे। उज्जैन में सभा 1 दिसंबर को होगी, स्थान भी तय हो गया है। इसके बाद राहुल गांधी खालसा कॉलेज में नाइट स्टे करेंगे। पढ़ें, पूरी खबर…
महाकाल और नर्मदा की पूजा करेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन महाकाल की नगरी भी जाएगी। यहां राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे।। इसके पहले राहुल गांधी साधु-संतों के साथ मप्र में प्रवेश के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना भी करेंगे। 20 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा शाम को बुरहानपुर के बोडरली गांव पहुंचेगी। यहां से 21 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा का आगाज MP की धरती पर होगा। पूरी, खबर पढ़ें
टंट्या मामा की जन्मस्थली पर भी जाएंगे राहुल

खंडवा के रुस्तमपुर में 22 तारीख को यात्रा का पड़ाव रहेगा, अगले दिन बडौदा अहीर स्थित टंट्या स्मारक पर राहुल गांधी की जनसभा होगी। यहां निमाड़ की 3 प्रमुख आदिवासी सीटों से 50 हजार लोग जुटेंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा के पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 नवंबर को मध्यप्रदेश आएंगी। शहडोल में इस दिन जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम होना है। पढ़ें, पूरी खबर…
Source link




