होली से पहले किसानों को खुशियों भरी सौगात: कृषक उन्नति योजना’ के तहत छत्तीसगढ़ के 25 लाख से अधिक किसानों को मिला ₹10,324 करोड़ का बोनस

0 अन्नदाताओं की मेहनत का पूरा सम्मान, यही हमारा संकल्प, यही हमारी पहचान -अनुज शर्मा
रायपुर, 28 फरवरी । आज धरसीवां विधानसभा के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में ‘कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत ‘आदान सहायता राशि वितरण समारोह’ एवं ‘वृहद किसान सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवशाली कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने एक बटन दबाकर प्रदेश के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में ₹10,324 करोड़ की राशि वर्चुअली ट्रांसफर की। यह राशि धान खरीदी की अंतर राशि (बोनस) के रूप में दी गई है, जो सरकार के किसानों से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के लिए ऐतिहासिक है। होली के त्यौहार से पहले यह बड़ी राशि सीधे किसानों के खाते में पहुँचने से किसानो की भी होली रंगों से भर गई। यह राशि केवल एक संख्या नहीं, बल्कि हमारे किसानों के पसीने का सम्मान है। त्योहार के मौके पर बोनस राशि मिलने से किसान भाई आर्थिक जरूरतो को पूरा कर सकेंगे व आगामी खरीफ फसल के तैयारियों के लिए भी मदद मिलेगी । आज का यह एकमुश्त भुगतान इस बात का प्रमाण है कि हम जो कहते हैं, वो करते हैं। प्रदेश का किसान सशक्त होगा, तभी प्रदेश समृद्ध होगा। हमारी विष्णु देव साय जी की सरकार “मोदी की गारंटी” को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों की खुशहाली ही राज्य की प्रगति का मूल आधार है। हमने चुनाव के दौरान वादा किया था कि किसानों को धान की अंतर राशि का भुगतान किया जाएगा, और आज ₹10,324 करोड़ सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर प्रदेश की जनता के विश्वास की जीत है। 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में एकमुश्त राशि पहुंचना केवल एक वित्तीय लेन-देन नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का एक बड़ा माध्यम है। एकमुश्त राशि मिलने से किसान न केवल त्यौहार हर्षोल्लास से मना पाएंगे, बल्कि आगामी खरीफ सीजन के लिए भी आर्थिक रूप से सुदृढ़ होंगे।
इस सम्मेलन में धरसीवां सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में किसान उपस्थित हुए। तकनीकी सत्रों के साथ-साथ किसानों को कृषि की आधुनिक पद्धतियों की जानकारी भी दी गई। एकमुश्त अंतर राशि मिलने की सूचना जैसे ही किसानों के मोबाइल पर पहुंची, पूरा परिसर “जय जवान-जय किसान” के नारों से गूंज उठा।
इस कार्यक्रम में मुख्यअतिथि विधायक अनुज शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, सविता चंद्राकर, शकुन्तला ढीलेंद्र सेन,दिनेश खूटे, अशोक सिन्हा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहें।




