हैदराबाद अग्निकांड पर सीएम विष्णुदेव साय का शोक, 17 मौतों पर जताया दुख, घायलों के लिए की प्रार्थना

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
रायपुर। हैदराबाद के चारमीनार के नजदीक गुलजार हौज इलाके में रविवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस त्रासदी में 17 लोगों की मौत और 10 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, “हैदराबाद के चारमीनार के निकट हुए भीषण अग्निकांड में 17 लोगों की असमायिक मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का हृदयविदारक समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उन सभी दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। साथ ही इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
हादसे का विवरण-
यह भीषण अग्निकांड गुलजार हौज इलाके में एक इमारत में हुआ, जो रिहायशी और व्यावसायिक उपयोग के लिए थी। आग की चपेट में आने से 17 लोगों की जान चली गई, जिनमें 8 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं। 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। यह हादसा हैदराबाद के हाल के वर्षों में सबसे बड़े अग्निकांडों में से एक है, जिसने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।