हसदेव जलाशय के विस्थापित आदिवासी मछुआरों की समस्याओं को लेकर 9 फरवरी को रैली, कलेक्टर को सौंपा जाएगा ज्ञापन

कोरबा। हसदेव (मिनीमाता बांगो) जलाशय क्षेत्र के विस्थापित आदिवासी मछुआरा समुदायों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 9 फरवरी को शांतिपूर्ण रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस रैली में हसदेव जलाशय क्षेत्र की 22 पंजीकृत मछुआरा सहकारी समितियां एवं बांगो बांध से विस्थापित आदिवासी मछुआरे शामिल होंगे। आंदोलन को छत्तीसगढ़ किसान सभा का समर्थन प्राप्त है।
किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने बताया कि रैली दोपहर 12 बजे तानसेन चौक से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट, कोरबा तक पहुंचेगी, जहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मछुआरा संघ के अध्यक्ष फिरतू बिंझवार ने बताया कि मिनीमाता बांगो (हसदेव) जलाशय में लागू ठेका व्यवस्था, ग्राम सभाओं द्वारा पारित प्रस्तावों की अनदेखी, वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत सामुदायिक अधिकारों के क्रियान्वयन तथा हाल के दिनों में मछुआरा समुदाय के साथ हुई घटनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों पर प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम की सूचना जिला प्रशासन को पूर्व में ही दे दी गई है।



