National

हम अपने राज नहीं करेंगे उजागर, वरना… चंद्रयान की लागत पर ऐसा क्यों बोले ISRO प्रमुख सोमनाथ

नई दिल्ली। भारत के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-3 मिशन की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ हुई। भारत के लिए ये पल ऐतिहासिक रहा। चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो प्रमुख ने भी खुशी जताई।

चंद्रयान-3 की ‘ऐतिहासिक’ सॉफ्ट लैंडिंग के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैं चंद्रयान-3 की लागत पर बहुत विस्तृत जवाब नहीं देना चाहता और हमारे राज को उजागर नहीं करना चाहता हूं। वरना अन्य लोग सीखेंगे कि हम इतने किफायती कैसे हैं।

NASA और ESA समेत कई एजेंसियों का जताया आभार

इसके साथ ही इसरो प्रमुख ने नासा समेत कई अंतरिक्ष एजेंसियों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि NASA और ESA समेत हम अपने सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने चंद्रयान-3 मिशन के लिए हमारी मदद की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, रूस और यूके भी आभार जताया।

पीएम मोदी ने दी इसरो को बधाई

चंद्रयान-3 की सफलता के बाद इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने बुधवार को कहा कि सूर्य के अध्ययन के लिए आदित्य-एल-1 मिशन का लांच सितंबर के पहले हफ्ते में होगा। इसी के साथ उन्होंने बताया कि चंद्रयान-3 की सफल साफ्ट लैंडिंग के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें फोन करके कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से बेंगलुरु आएंगे और चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो की पूरी टीम से मुलाकात करेंगे।

इसरो प्रमुख सोमनाथ ने बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका से फोन पर हम सभी को बधाई दी है। पीएम ने फोन पर बातचीत के दौरान कहा, ‘सोमनाथ जी, मेरी तरफ से आपको और आपकी पूरी टीम को बधाई। आपका नाम सोमनाथ है जिसका संबंध चंद्रमा से है। इसलिए आपके स्वजन भी आज बहुत खुश होंगे।’ इसरो प्रमुख सोमनाथ ने बताया कि मोदी ने कहा कि वह हम सब से मिलने जल्द बेंगलुरु आएंगे और टीम के हरेक सदस्य से मुलाकात करेंगे।

Related Articles

Back to top button