Chhattisgarh

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर: सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया औचक निरीक्षण

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी द्वारा लगातार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को सीएमएचओ डॉ. केशरी ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर सर्वमंगलापारा, दर्रीबस्ती, गेरवाघाट तथा उप स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) अयोध्यापुरी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, पीएनसी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष एवं वैक्सीनेशन कक्ष का जायजा लिया। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर विभिन्न कमियों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्रों एवं परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, दवाइयों की ऑनलाइन मांग समय पर भेजने तथा बायो मेडिकल वेस्ट के उचित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए लू से बचाव संबंधी तैयारियां रखने तथा आगामी मौसम में संभावित मौसमी बीमारियों के लिए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में संधारित सभी दस्तावेजों का व्यवस्थित रख-रखाव किया जाए तथा सभी चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी कार्य दिवस में समय पर आधार आधारित उपस्थिति दर्ज कर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।

Related Articles

Back to top button