स्टेट पावर कंपनीज के संयुक्त मुख्यालय शिलान्यास में मुख्यमंत्री साय के साथ शामिल हुए विधायक अनुज शर्मा

रायपुर, 03 सितंबर । आज नवा रायपुर सेक्टर-24 में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के संयुक्त मुख्यालय भवन का शिलान्यास प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय के करकमलों से संपन्न हुआ| इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ विधायक अनुज शर्मा भी शामिल हुए। रजत जयंती वर्ष और गणेश चतुर्थी जैसे पावन अवसर पर यह कार्य सम्पन्न हुआ| मुख्यमंत्री श्री साय ने विधिवत पूजा-अर्चना की और भवन का थ्री-डी मॉडल अनावृत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता को नई ऊँचाई देगा, तीनों पावर कंपनियों के बीच समन्वय को मजबूत करेगा और उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इस अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। छत्तीसगढ़ की 25 वर्षीय यात्रा यह प्रमाण है कि जब संकल्प और संवेदनशीलता साथ चलें तो परिणाम ऐतिहासिक होते हैं। वर्ष 2000 में प्रदेश केवल 1400 मेगावाट बिजली उत्पादन करता था, आज यह क्षमता बढ़कर 30 हजार मेगावाट हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में 1320 मेगावाट क्षमता के नए संयंत्र का शुभारंभ इस उपलब्धि को और सुदृढ़ करने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह प्रगति हर नागरिक के विश्वास, मेहनत और भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न उनकी जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा ने यह अनुभव कराया कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक स्तर की अधोसंरचना और कार्यसंस्कृति की ओर तेजी से बढ़ रहा है। संयुक्त मुख्यालय भवन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन का निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि यह ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बने। वही विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह नया मुख्यालय केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि सौर ऊर्जा के उत्पादन और संरक्षण की दिशा में भी नए युग की शुरुआत करेगा। इससे आने वाले समय में हर घर तक उजाला और हर उद्योग तक ऊर्जा पहुँचेगी। छत्तीसगढ़ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर ही नहीं बल्कि सरप्लस राज्य है, जो अन्य राज्यों की बिजली जरूरतों को भी पूरा करता है। इसका सबसे बड़ा आधार हमारा समृद्ध कोयला भंडार है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री केदार कश्यप,सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा,सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।