भिलाई स्टील प्लांट से 1 करोड़ का 250 टन लोहा चोरी, फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर भेजा जा रहा था माल

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के 250 टन लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक गोदाम से भारी मात्रा में चोरी का लोहा जब्त किया है। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, चोरी किए गए लोहे को फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा में CISF के जवान तैनात हैं और पूरे परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हुए हैं, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी लंबे समय तक चलती रही।
पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले में अंदरूनी मिलीभगत हो सकती है, क्योंकि बिना प्लांट के भीतर सहयोग के इतनी बड़ी मात्रा में लोहे की चोरी संभव नहीं मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भिलाई स्टील प्लांट से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहनों पर निगरानी शुरू की।
27 मई को पुलिस टीम ने कुछ संदिग्ध ट्रकों और हाईवा वाहनों का पीछा किया, जो हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंचे। जैसे ही वाहन गोदाम के अंदर दाखिल हुए, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे यार्ड और गोदाम की तलाशी ली और बड़ी मात्रा में लोहा जब्त कर लिया।
पुलिस अब इस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने और चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। साथ ही प्लांट के भीतर से मिलीभगत की संभावना को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है।





