Chhattisgarh

सेवा पखवाड़ा में विद्यार्थियों को मिली पाठ्य सामग्री,भाजपा महिला मोर्चा ने मनाया पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती, बालकों नगर के बच्चों के चेहरे खिले

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा जिले में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत विभिन्न सामाजिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को कोरबा नगर के वार्ड क्रमांक 42, बालकों नगर स्थित प्राथमिक शाला सेक्टर-4 में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण किया गया। यह आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में रखा गया था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, पुस्तकें और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई। इन सामग्रियों की व्यवस्था स्थानीय वार्ड पार्षद सत्येंद्र दुबे द्वारा की गई थी। सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष अर्चना रुनिझा, महामंत्री हेमलता निर्मलकर, उपाध्यक्ष रेणु प्रसाद, कार्यकर्त्री मालती वर्मा, सुनीता उपाध्याय और बोधिन राठौर विशेष रूप से मौजूद रहीं। विद्यालय की प्रधान अध्यापिका अनिता बर्मन, शिक्षिका बबिता चौधरी एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

पं. दीनदयाल के विचारों पर चलने का आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके अंत्योदय के सिद्धांत को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा और सुविधा पहुँचाना ही सच्ची राजनीति का उद्देश्य होना चाहिए। इसी भावना से सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है।

वार्ड पार्षद सत्येंद्र दुबे ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बेहतर दिशा देती है और बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करना समाज का दायित्व है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी विद्यार्थियों की पढ़ाई में आने वाली समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा।

बच्चों ने जताया आभार

विद्यालय के विद्यार्थियों ने पाठ्य सामग्री पाकर खुशी जाहिर की और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों एवं पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से उन्हें पढ़ाई में प्रेरणा मिलती है।

समाजसेवा का संकल्प

कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मिलकर किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान ऐसे कई कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button