Chhattisgarh

सुदूर वनांचल ग्राम जिल्गा में भव्य राम एवं शिव मंदिर निर्माण का शुभारंभ, 21 फीट ऊँची गणपति और हनुमान प्रतिमाओं की स्थापना हेतु भूमि पूजन सम्पन्न

कोरबा। जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित सुदूर वनांचल ग्राम जिल्गा आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण का साक्षी बना, जब ग्राम में पहली बार भगवान श्रीराम एवं भगवान शिव के भव्य मंदिर निर्माण तथा 21 फीट ऊँची भगवान गणपति एवं भगवान हनुमान जी की विशाल प्रतिमाओं की स्थापना हेतु विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि ग्राम जिल्गा एवं आसपास के वनांचल क्षेत्रों में आज तक किसी भी मंदिर की स्थापना नहीं हुई थी। क्षेत्र में अन्य समुदायों के धार्मिक स्थल पहले से मौजूद रहे हैं, लेकिन सनातन आस्था से जुड़े ग्रामवासियों की वर्षों पुरानी इच्छा आज साकार हुई। यह आयोजन ग्राम के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।

इस पुण्य कार्य के लिए ग्रामवासियों को हिन्दू जागरण मंच के जिला कार्यकारिणी सदस्य सुरेश झा द्वारा निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उनके प्रयासों से ग्राम में कई बैठकों का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात “श्री राम–शिव मंदिर निर्माण समिति” का गठन किया गया। समिति के माध्यम से ग्रामवासियों ने सामूहिक संकल्प लेते हुए मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्णय लिया।

मंदिर निर्माण की प्रथम बैठक में ग्राम के प्रमुख नागरिकों गेंद सिंह राठिया, श्रीमती आशोबाई राठिया, लगिन सिंह राठिया, तेल सिंह राठिया एवं लीप सिंह राठिया द्वारा ग्राम के मुख्य स्थल पर भूमि दान किया गया। इसके बाद हिन्दू जागरण मंच, समिति सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से मंदिर परिसर में चारों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया और आज विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।

भूमि पूजन कार्यक्रम में माननीय भोजराम देवांगन, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन संघ, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय ननकी राम कंवर, पूर्व गृहमंत्री छत्तीसगढ़ शासन ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरबा विभाग के विभाग संघचालक सत्येंद्रनाथ दुबे, अखिल भारतीय लोक कला प्रमुख (मध्य क्षेत्र) सह संगठन मंत्री बीरबल सिंह, अखिल भारतीय राठिया कंवर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राठिया तथा आरएसएस कोरबा विभाग के विभाग प्रचारक योगेश्वर साहू प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन अनुसूचित जनजाति मोर्चा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री टिकेश्वर सिंह राठिया ने किया। इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में श्रीमती बिजमोती राठिया (जनपद पंचायत अध्यक्ष कोरबा), श्रीमती अशोका कंवर (जनपद पंचायत अध्यक्ष करतला), श्रीमती रेणुका राठिया (जिला पंचायत सदस्य), संदीप कंवर (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती कौशिल्या कंवर (जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कोरबा), बी.डी. शर्मा (प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य, सहकारिता), रामेश्वर राठिया, बिट्टू अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, राधे अग्रवाल, विश्राम कंवर, दौलत राम राठिया, शम्भू चौहान, अनिल चौरसिया, ईश्वर सिंह राठिया, रामस्वरूप राठिया (पूर्व सरपंच जिल्गा), भरत लाल राठिया सहित हिन्दू जागरण मंच के श्री आशीष सिंह, श्रीमती शांति यादव, श्री अखिलेश जायसवाल, श्री सुरेश झा, श्री विनोद यादव तथा सैकड़ों की संख्या में वनांचल क्षेत्र के श्रद्धालु सनातनी भाई-बहन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष के साथ मंदिर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर भव्य प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न करने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्राम जिल्गा में प्रारंभ हुआ यह मंदिर निर्माण कार्य न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी नई दिशा देगा।

Related Articles

Back to top button