Chhattisgarh

सुकमा में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का डंप साइट मिला; 18 किलो अमोनियम नाइट्रेट सहित कई सामान बरामद

सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए गए डंप साइट का पता लगाकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोमगुड़ा के पोडियमपारा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा सामग्री छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। इस पर 226 बटालियन सीआरपीएफ की सी कंपनी ने 14 मार्च की सुबह करीब 5:50 बजे विशेष एंबुश ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई सहायक कमांडेंट जी. नबी के नेतृत्व में तथा कमांडेंट एच.पी. सिंह और द्वितीय कमान अधिकारी बीरेंद्र कुमार के समग्र निर्देशन में की गई।

ऑपरेशन के दौरान जवानों ने एफओबी गोमगुड़ा से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम दिशा में स्थित पोडियमपारा इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान निर्धारित स्थान के आसपास एक संदिग्ध नक्सली डंप साइट का पता चला। इसके बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर के-9 और बीडीडी स्क्वॉड की मदद से गहन तलाशी ली गई।

सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए कई सामान बरामद किए गए, जिनमें लगभग 18 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, काला तिरपाल, छाता, स्टील टिफिन बॉक्स, तांबे की पानी की बोतल, स्लीपिंग बैग, पिट्ठू बैग, सिविल कपड़े, हरे रंग के पेंट, मेडिकल और मेस से जुड़े सामान, इलेक्ट्रिकल वायर, चार्जर, डेटा केबल, ड्राइंग मैप चार्ट पेपर, 50 लीटर का ब्लू ड्रम, नक्सली पत्रिका और चाकू सहित कई अन्य सामग्री शामिल हैं। बरामद सभी वस्तुओं को सुरक्षा बलों ने सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया है।

सीआरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बल लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाकर इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सक्रिय हैं। अधिकारियों ने जवानों की सतर्कता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button