Chhattisgarh

सारंगढ़ के लाल आकाश मगरिया बने हावड़ा के पुलिस कमिश्नर, 2 फरवरी को संभाला पदभार

राजेश यादव,सारंगढ़,03 फरवरी 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले एवं सारंगढ़ नगर के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि यहां के माटी पुत्र आकाश मगरिया को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्होंने 02 फरवरी 2026 को औपचारिक रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया।

आकाश मगरिया का जन्म सारंगढ़ नगर के बड़े मठपारा निवासी आयुर्वेद चिकित्सक मोहन दत्त मगरिया के यहां हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सारंगढ़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से हुई। बचपन से ही मेधावी रहे आकाश मगरिया ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन प्राप्त किया।

आईपीएस चयन के पश्चात उनकी पहली नियुक्ति पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एएसपी के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। कोलकाता सहित अनेक बड़े जिलों में सफल कार्यकाल के बाद उन्हें डीआईजी के पद पर पदोन्नति मिली। डीआईजी रहते हुए भी उन्होंने कुशल प्रशासन, सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली और जनता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से अपनी अलग पहचान बनाई।

उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें हावड़ा जैसे महत्वपूर्ण जिले का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है।

इस उपलब्धि पर सारंगढ़ नगर एवं जिले में हर्ष का माहौल है। वरिष्ठ नागरिकों एवं व्यापारियों में कुमार बानी, नंदकिशोर केजरीवाल, कृष्ण कुमार केसरवानी, केसरवानी समाज अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्यजनों ने उन्हें बधाई दी। वहीं युवा व्यवसायियों एवं सहपाठियों—अंकित केसरवानी, आशीष अग्रवाल, मोंटी केजरीवाल, रामगोपाल साहू, कुलदीप पटेल, मनीष केजरीवाल, शशिकांत तिवारी सहित नगरवासियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

नगरवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आकाश मगरिया की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

Related Articles

Back to top button