Chhattisgarh

साइकिल मिलने से खिल उठे छात्राओं के चेहरे, जामनीपाली स्कूल में 59 बालिकाओं को मिला लाभ

कोरबा, जामनीपाली। शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत मंगलवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, जामनीपाली में 59 पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।

विद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें नियमित शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है।

शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुनील भटपहरे ने छात्राओं से योजना का अधिकतम लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री, पार्षद एवं भाजपा नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के दुर्ग संभाग प्रभारी नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि बालिका शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और शासन की यह पहल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्य अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय तक पहुंच आसान होगी और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपने जीवन का आधार बनाकर परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान 59 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। अंत में जे.पी. साहू ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर ईश्वर साहू, मनोज अग्रवाल, मनोज लहरे, अजय चन्द्रा, मुकुंद कंवर, दीपक यादव सहित जनप्रतिनिधि, महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button