सहेली के पति ने शादी के लिए धमकाया और पीटा…: अरबपति बिजनेसमैन की पत्नी ने कराई FIR

[ad_1]
भोपाल5 घंटे पहले
भोपाल में बिजनेस टाइकून अजय हरिनाथ सिंह के पत्नी से मारपीट करने के मामले में नया मोड़ आया है। पत्नी अमृता सिंह ने कुछ दिन पहले वीडियो जारी कर पति पर मारपीट का आरोप लगाया था, तब महिला ने 2 दिन बाद पुलिस में बयान दर्ज कराने की बात कही थी। हालांकि, अब अमृता ने पुलिस को दिए बयान में सहेली के पति पर हमला करने का आरोप लगाया है। टीटी नगर पुलिस ने आरोपी पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।
अमृता ने पुलिस को बताया, 3 नवंबर की सुबह सहेली मोनिका का पति धर्मेंद्र घर पहुंचा। वह चिल्लाते हुए कहने लगा- मैं तुझसे प्यार करता हूं, मुझसे शादी कर…। विरोध करने पर उसने क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। इससे मेरे पैर की हड्डी टूट गई। साथ ही शरीर पर भी कई जगह चोट लगी।
बता दें, महिला के पति अजय हरिनाथ सिंह डार्विन प्लेटफॉर्म ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक हैं। उनकी पत्नी अमृता भोपाल के तुलसी टावर में रहती हैं। टीटी नगर थाना प्रभारी चैन सिंह रघुवंशी ने बताया कि अभी आरोपी के पेशे के बारे में जानकारी नहीं मिली है। गिरफ्तारी भी नहीं हुई है।
महिला ने FIR में क्या बताया, पढ़िए…
मैं अमृता अजय सिंह। उम्र 37 साल। B विंग 303, तुलसी टॉवर्स भोपाल में रहती हूं। मेरे पति अजय मुंबई में रहते हैं। उनका व्यवसाय मुंबई में है। मेरे 11 साल, 5 साल और 4 साल के 3 बेटे हैं। 3 नवंबर को मैं अपने घर तुलसी टॉवर में ही थी। सुबह करीब साढ़े 9 बज रहे होंगे। मैं बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार कर रही थी, तभी मेरी सहेली मोनिका का पति धर्मेंद्र मिश्रा उर्फ धरम मेरे घर आया। वह चिल्ला कर कहने लगा- मैं तुझसे प्यार करता हूं, मुझसे शादी कर…।
मैंने कहा- तुम यहां क्यों आए हो, चले जाओ। इस पर वो गालियां देने लगा। मैंने उसे शांत होने को कहा तो मारपीट करने लगा। अपने साथ लाए हुए क्रिकेट बैट से मेरे बाएं पैर पर घुटने के पास जोरदार हमला किया, जिससे मेरे पैर की हड्डी टूट गई। मैं नीचे गिर गई तो वह मुझे पीठ, पैर, हाथ और गाल पर मारने लगा। मुझे शरीर में कई जगह चोट आई हैं।
इसी समय मेरी मां कृपाल कौर, भाई नरेंद्र सिंह और भाभी इंद्रजीत कौर घर आ गए। उन्होंने बीच-बचाव किया। धर्मेंद्र को पकड़ने की कोशिश की तो वह भाग गया। भागते-भागते कहने लगा कि मेरी बात नहीं मानेगी तो तुझे और तेरे बच्चे को जान से मार दूंगा। यह धमकी देते हुए घर से चला गया। फिर मेरी मां, भाई-भाभी मुझे घायल हालत में लेकर पहले रेडक्रॉस अस्पताल पहुंचे, फिर 1250 अस्पताल से नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया। अभी मैं अस्पताल में हूं।
(अमृता सिंह ने जैसा पुलिस को बताया)

अमृता सिंह की शादी 20 जनवरी 2011 में अजय हरिनाथ से हुई थी। इनके 3 बच्चे हैं। अमृता का पहले कहना था कि वो शादी के बाद से ही पति का अत्याचार झेल रही हैं। अब उसने सहेली के पति पर मारपीट का आरोप लगाया है।
वीडियो जारी कर पति पर लगाए थे आरोप
सहेली के पति पर मारपीट की FIR कराने से 8 दिन पहले अमृता सिंह ने एक वीडियो जारी किया था। जिसमें उसने पति अजय हरिनाथ सिंह पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया था। वीडियो में उसने कहा था….
मैं अमृता अजय सिंह। मुझे नहीं पता मेरे पास कितना टाइम है। मेरी ये जो हालात है, वो अजय हरिनाथ सिंह ने की है। मैं पिछले 11 साल से अजय हरिनाथ से परेशान हूं। मेरी शादी 20 जनवरी 2011 में अजय हरिनाथ से हुई थी। जब मैं 7 महीने पेट से थी, तब पता चला कि वो पहले से शादीशुदा है। उसकी बीवी का नाम स्मृति अजय सिंह है। उससे एक बेटा भी है। जब ये बात मुझे पता चली तो पति ने बहुत मारा था, जिससे मेरी बच्चेदानी का मुंह खुल गया था। मैं 2 महीने अस्पताल में एडमिट रही। 2011 से टॉर्चर सह रही हूं।
पति को अलग-अलग लड़कियों से शादी करने का शौक है। जब मेरा तीसरा बेटा होने वाला था, तब पता चला इसने किसी फरनाज नाम की लड़की से शादी की है। मेरे पास उसके स्क्रीनशॉट हैं। मैं वो सब सेंड करूंगी, ये हर वक्त ऐसे ही मारता-पीटता था। मेरे पास इसके भी सबूत हैं। ये कोविड के दौरान कहता था कि रेड पड़ने वाली है… इसी बहाने बच्चों के साथ मुझे घर से भगा देता था।
अब इसने पोर्न एक्ट्रेस से शादी कर ली है। इस एक्ट्रेस ने ट्रिपल एक्स-1 (वेब सीरीज) में काम किया है। मेरे सारे सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिए हैं। मेरी गाड़ी, बच्चे सब लेकर भाग गया है। अब कह रहा है कि अगर किसी से शिकायत की तो तेरे भाइयों को अंदर करा दूंगा।

महिला के पति अजय ने राष्ट्रपति भवन में महामहिम द्रोपदी मुर्मू से मिलकर उन्हें बधाई दी थी। जिसके फोटो उसने 5 अगस्त को सोशल मीडिया पर शेयर किए थे।
कौन हैं अजय हरिनाथ सिंह
महिला के पति अजय हरिनाथ सिंह डार्विन प्लेटफॉर्म ग्रुप ऑफ कंपनीज के फांउडर और चेयरमैन हैं। कंपनी का हेडक्वार्टर मुंबई में है। यह ग्रुप बैंकिंग, रियल्टी, हॉस्पिटेलिटी, माइनिंग, फॉर्मास्युटिकल्स, फिल्म निर्माण, आईटी, लॉजिस्टिक, रिटेल, रिफाइनरी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, एयरलाइंस, ऑटोमोबाइल, शिपिंग, फोर्स, डिफेंस के सेक्टर में काम करता है। सिंह एंड संस, डार्विन प्लेटफॉर्म ग्रुप ऑफ कंपनीज की मूल कंपनी है, जिसकी कुल संपत्ति 41 हजार करोड़ है। कंपनी 11 देशों में काम कर रही है। अजय की कंपनी ने जेट खरीदने के लिए भी बोली लगाई थी, पर उसमें सफल नहीं हो पाए। अजय आर्म्स और डार्विन प्लेटफॉर्म सुखोई-30 और एमआई विमानों की खुदरा बिक्री भी करती है। राष्ट्रीय बैंकिंग कंपनी भी है। उनका न्यूज मीडिया में भी इन्वेस्टमेंट है। कई महंगी फिल्मों में निवेश कर चुके हैं।
अजय का 11 देशों में बिजनेस
अजय ने कोरोना काल में 26 हजार नौकरियां देने का दावा किया था। उन्हें टाइम्स पावर मैन और यंग आइकॉनिक एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड्स-2020 से सम्मानित किया जा चुका है। अजय का बिजनेस देश के 28 राज्यों के साथ 11 देशों में फैला है। 20 सेक्टर्स में उनका कारोबार है। कंपनी की लंदन, नीदरलैंड, इटली, स्पेन, रूस, जर्मनी, हांगकांग, यूएस, चीन और दुबई में ब्रांच हैं।

अजय की कंपनी ने केएल राहुल के नेतृत्व वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी डिजाइन की थी। ये तस्वीर उसी जर्सी के लॉन्चिंग के मौके की है।
आईपीएल से भी कंपनी का नाता
अजय की कंपनी ने केएल राहुल के नेतृत्व वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी डिजाइन की थी। तब एक तस्वीर भी सामने आई थी, जिसमें अजय राहुल को कुछ खिलाते हुए नजर आ रहे थे।

अजय की कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर भी बनाती है। जिसकी लॉन्चिंग देश की मशहूर महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम के हाथों हुई थी।
इलेक्ट्रिक व्हीकल भी लॉन्च किया
कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में 2021 में एक साथ तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर चुकी है, जिसमें दावा किया गया था कि एक बार चार्ज करने पर स्कूटर 120 किलोमीटर दौड़ेगी।
ये भी पढ़ें…
बिजनेस टाइकून पर पत्नी ने लगाया बेरहमी का आरोप

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला ने पति पर बेरहमी से मारपीट का आरोप लगाया है। पति का नाम अजय हरिनाथ सिंह है और वो देश के बड़े बिजनेस घरानों में शुमार डार्विन प्लेटफॉर्म ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक हैं। पत्नी अमृता सिंह अभी भोपाल के नर्मदा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। उन्हें 3 नवंबर को मारपीट के बाद यहां लाया गया था। पूरी खबर पढ़ें…
Source link