मुख्यमंत्री साय ने दुर्गाष्टमी और महानवमी की दी शुभकामनाएं, बेटियों को बताया देवी का स्वरूप

रायपुर, 05 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्गाष्टमी और महानवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने माँ दुर्गा से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि शक्ति उपासना का पर्व है, जिसे पूरे देश में आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। देवी के नौ रूपों की आराधना में अष्टमी और नवमी का विशेष महत्व होता है। इस दिन घरों और मंदिरों में कन्या पूजन और भंडारों का आयोजन होता है, जहाँ बेटियों को देवी का रूप मानकर उनका पूजन किया जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि सभी बेटियाँ देवी स्वरूपा हैं, इसलिए हमें केवल नवरात्रि के नौ दिन ही नहीं, बल्कि हर दिन बेटियों और महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता का भाव बनाए रखना चाहिए। यही सच्ची देवी उपासना है और हमारी सांस्कृतिक आत्मा भी।