C.G. FRAUD CASE : सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3.78 लाख की ठगी, मंत्री-अधिकारियों से करीबी बताकर तीन लोगों को बनाया शिकार

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लोगों से कुल 3.78 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने खुद को मंत्री और अधिकारियों का करीबी बताकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और अलग-अलग लोगों से रकम वसूल की। शिकायत के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने आरोपी प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक छत्तीसगढ़ नगर निवासी टेलर धन्नू राम ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई है। धन्नू राम ने बताया कि वर्ष 2023 में प्रमोद केशरवानी उनके घर के पास किराए से रहता था। इस दौरान वह अक्सर अधिकारियों के साथ अपनी पहचान और मंत्री से करीबी होने की बात कहता था। इसी दौरान उसने राजस्व विभाग में भर्ती निकलने की जानकारी देते हुए सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया।
धन्नू राम ने अपने साढ़ू के भांजे परमेश्वर मरकाम की नौकरी के संबंध में प्रमोद से संपर्क किया। आरोप है कि प्रमोद ने परमेश्वर के शैक्षणिक दस्तावेज अपने पास लिए और नौकरी लगवाने के लिए 2.50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। परिवार ने शुरुआत में 20 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से आरोपी के खाते में भेजे। इसके बाद 30 सितंबर 2023 को छत्तीसगढ़ नगर में आरोपी को 2.10 लाख रुपये नकद दिए गए।
रकम लेने के बाद आरोपी ने परमेश्वर को कवर्धा तहसील कार्यालय में काम दिलाने का दावा किया। उसने परमेश्वर को अंग्रेजी में ज्वाइनिंग से संबंधित एक पत्र भी दिया। इसके बाद परमेश्वर ने करीब चार महीने तक वहां काम किया, लेकिन उसे वेतन नहीं मिला। वेतन नहीं मिलने के बाद परिवार को आरोपी के नौकरी लगवाने के दावे पर संदेह हुआ।
इसी तरह आरोपी ने धन्नू राम के दो भांजों मिथुन मरकाम और अमित छेदाईया को भी शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। दोनों से 50-50 हजार रुपये लिए गए। इस तरह दोनों से कुल एक लाख रुपये नकद लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगवाने की बात कहता रहा, लेकिन दोनों की नौकरी नहीं लगवाई।
शिकायत के अनुसार रकम लेने और नौकरी नहीं लगवाने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उससे बात नहीं हो सकी। इसके बाद धन्नू राम ने टिकरापारा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की।
पुलिस ने आरोपी प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब रकम के लेन-देन, दिए गए दस्तावेज, कथित ज्वाइनिंग पत्र और आरोपी के अधिकारियों से संपर्क संबंधी दावों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।




