सतना में आधी रात बवाल: शराब के नशे में जमीन कारोबारी ने चलाई गोलियां, महिला थानेदार की मौजूदगी में डायल-100 स्टाफ से की अभद्रता

[ad_1]

  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Satna
  • The Land Businessman Fired Bullets While Intoxicated, Indecency With Dial 100 Staff In The Presence Of A Female Police Officer

सतना9 घंटे पहले

सतना शहर के प्रेम नगर की प्रेम विहार कॉलोनी में आधी रात एक जमीन कारोबारी ने शराब के नशे में जमकर बवाल काटा। अपनी एक महिला सब इंस्पेक्टर मित्र से मिलने पहुंचे कारोबारी ने गोलियां चला कर दहशत फैलाई और फिर पॉइंट पर पहुंचे डायल 100 के स्टाफ से भी अभद्रता की। इस घटना में महिला सब इंस्पेक्टर का नाम आने के बाद एसपी ने संज्ञान लिया है और जांच शुरू करा दी है।

हासिल जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली अंतर्गत प्रेम विहार कॉलोनी में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात लगभग 2 बजे शराब के नशे में धुत्त सिम्मू पांडेय नाम के जमीन कारोबारी ने जमकर बवाल मचाया। उसने सुधीर गर्ग नाम के युवक के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि दहशत फैलाते हुए गोलियां भी चलाईं।

डायल 100 स्टाफ पर रौब झाड़ा

इतना ही पॉइंट मिलने पर जब डायल 100 में ड्यूटी पर रहे प्रधान आरक्षक वहां पहुंचे तो उनके साथ भी उसने बेहद अभद्र बर्ताव करते हुए अपशब्द कहे। जिस वक्त सिम्मू पांडेय निवासी टिकुरिया टोला ये सारी हरकतें कर रहा था, वहां बदेरा की थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजश्री रोहित भी मौजूद रही। महिला थानेदार के सामने ही उसने डायल 100 के स्टाफ से बदतमीजी करते हुए कहा कि पुलिस उसका क्या उखाड़ लेगी। आरोप तो यह भी है कि महिला थानेदार ने भी डायल 100 स्टाफ पर रौब झाड़ते हुए पुलिस कर्मियों को चमकाया था।

आरोपी ने करे चार फायर

सुधीर गर्ग ने बताया कि वह प्रेम विहार में रेनू सिंह के घर पर किरायेदार है। रात लगभग 12 बजे वह घर पहुंचा तो वहां सिम्मू पांडेय था। उसी समय बदेरा थाना प्रभारी राजश्री रोहित भी वहां पहुंची थीं। घर की ऊपरी मंजिल पर खड़े होकर सिम्मू ने सुधीर के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। सुधीर ने उस पर आपत्ति जताई तो उस वक्त मकान मालकिन के दखल से मामला शांत हो गया। मकान मालकिन ने सिम्मू को घर से चले जाने को कह दिया था, लेकिन कुछ देर बाद सिम्मू लौट कर फिर आ गया। उसने गालियां देना शुरू कर दिया और दो नाली बंदूक से एक के बाद एक चार फायर कर दिए।

इसकी सूचना डायल 100 को दी गई थी। जब हेड कांस्टेबल सुतीक्ष्ण वहां पहुंचे तो सिम्मू ने उनसे भी अभद्रता की। महिला पुलिस अफसर ने भी रौब झाड़ कर वापस चले जाने का दबाव बनाया। सुधीर ने बताया कि गोली खिड़की पर लगी है और वह बाल-बाल बच गया।

नहीं मिले कारतूस के खाली खोखे

रात भर दबी रही ये घटना बुधवार की सुबह चर्चा में आई तो एसपी आशुतोष गुप्ता ने इस पर संज्ञान लिया। नतीजतन सिटी कोतवाली टीआई एसएम उपाध्याय घटना स्थल का मुआयना करने पहुंचे। टीआई सिटी कोतवाली ने बताया कि रात लगभग 2 बजे सुधीर गर्ग के साथ सिम्मू पांडेय निवासी टिकुरिया टोला ने विवाद किया है। मौके पर एक खिड़की का कांच टूटा मिला है, लेकिन कारतूस के खाली खोखे वहां नहीं मिले हैं।

शुरुआती जांच में मकान मालकिन रेनू सिंह से हुई पूछताछ के अनुसार टीआई ने बताया कि रेनू सिंह के पति बीएसएफ में हैं। उन्हें प्रेम विहार में जमीन खरीदने और मकान बनवाने में सिम्मू पांडेय ने सहयोग किया था तभी से उनका संपर्क उससे है। महिला थानेदार राजश्री रोहित भी पहले इसी मकान में किराए पर रहती थीं।

बाद में उन्हें कोलगवां थाना के पास सरकारी आवास मिल गया। रेनू, राजश्री और सिम्मू एक दूसरे के अच्छे परिचित हैं। घटना की रात सिम्मू तो रेनू के यहां था ही राजश्री भी दीपावली पर रेनू से मिलने रात में वहां पहुंची थीं। सिम्मू ने हेड कॉन्स्टेबल के साथ भी बदतमीजी की है। इस मामले में सुधीर गर्ग की तरफ से शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

चित्रकूट में ड्यूटी छोड़कर सतना पहुंची थीं महिला थानेदार

महिला थानेदार राजश्री रोहित जिले के बदेरा थाना में बतौर प्रभारी पदस्थ हैं। उनकी ड्यूटी चित्रकूट में चल रहे पांच दिनी अमावस्या दीपदान मेले में लगाई गई थी, लेकिन मंगलवार की रात वे चित्रकूट से ड्यूटी छोड़कर सतना आ पहुंची। रात के वक्त उन्हें सतना जिला अस्पताल में भी देखा गया था। राजस्व अमले की मानें तो बुधवार की सुबह भी राजश्री रोहित चित्रकूट में अपने ड्यूटी पॉइंट पर अनुपस्थित मिलीं।

खबरें और भी हैं…
[ad_2]
Source link

Related Articles

Back to top button