Chhattisgarh

सड़क किनारे फेंक रहे घर का कचरा, 3 दिन के बाद उठाव

कोरबा। नगर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधर नहीं पा रही है। लोग भी सुधरने के बजाय सड़क किनारे ही कचरा फेंक रहे हैं। दिवाली के समय घरों की सफाई करने से 10 से 15 प्रतिशत अधिक कचरा निकल रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि कचरे का उठाव 2 से 3 दिन बाद ही हो रहा है।

शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जहां पर लोग कचरा फेंकते थे, वहां सौंदर्यीकरण भी हो रहा है। वीआईपी रोड पर पथर्रीपारा से लेकर बुधवारी के बीच लोगों ने कई स्थानों को कचरा पाइंट बना लिया है। अंधरीकछार से निहारिका मार्ग पर भी काशीनगर में कचरे का ढेर लगा रहता है। बस्ती की चंद्रिका चौहान ने बताया कि कचरे का उठाव 2 से 3 दिन में हो रहा है। सुबह उठाव के बाद फिर से लोग कचरा फेंक देते हैं। नाली की भी सफाई नहीं हो रही है। ट्रांसपोर्ट नगर में भी यही हाल है। चौक-चौराहों में व्यवसायियों ने भी कचरा पाइंट बना लिया है। शहर में तीन स्तर पर सफाई होती है।

व्यावसायिक क्षेत्रों में नाइट स्वीपिंग, दिन में सड़कों की सफाई और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कराया जाता है। इसके बाद भी लोग सड़क किनारे कचरा फेंककर गंदगी फैलाने में कोई कमी नहीं कर रहे हैं। ^पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े ने बताया कि सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। दीपावली के बाद वर्क आर्डर जारी हो जाएगा। सभी सड़कों को सुधारा जाएगा।

कचरे का उठाव कराया जाएगा: डॉ. तिवारी निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी का कहना है कि कचरे का रोज उठाव कराया जा रहा है। लोग बाद में कचरा फेंक रहे हैं। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन भी हो रहा है। लोगों को सफाई में सहयोग करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button