“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान में पुलिस को सफलता, चोरी के तीन मामलों का खुलासा

कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना और चौकी स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर और चौकी मानिकपुर क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में प्रार्थी अमित दिवाकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 मार्च 2026 को वह परिवार सहित शादी समारोह में गए थे। अगले दिन घर लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर से सोने-चांदी के जेवरात, चांदी की पायल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और लगभग 5 हजार रुपये नगद गायब थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेही से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया गया।
इसी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में प्रार्थी नंद कुमार ने शिकायत की थी कि शादी समारोह में जाने के दौरान उनके घर का ताला तोड़कर चांदी की पायल, बच्चों का चांदी का जुड़ा और करीब 11 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और चोरी का सामान बरामद किया गया।
इन दोनों मामलों में पुलिस ने सुमित्रा रात्रे (28 वर्ष), निवासी बेन्द्रकोना, थाना सिविल लाइन रामपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में भी सिविल लाइन रामपुर और उरगा थाने में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
वहीं चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया जेवरात और नगदी बरामद कर लिया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में आकाश मरावी (19 वर्ष), निवासी शंकर नगर इंडस्ट्रियल एरिया कोरबा, रोहित शर्मा (19 वर्ष), निवासी रमागढ़ बालकोनगर तथा निखिल वर्मन (21 वर्ष), मूल निवासी जिला मुंगेली, हाल निवासी सिविल लाइन रामपुर कोरबा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सघन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




