सक्रिय पत्रकारिता का मिला सम्मान, अनूप पासवान बने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ कोरबा के जिला उपाध्यक्ष

कोरबा। सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले युवा पत्रकार अनूप पासवान को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, कोरबा जिला इकाई का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को संगठन ने पत्रकारों के हितों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की सहमति तथा जिला अध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना के अनुमोदन से नवगठित जिला कार्यकारिणी में की गई है। संगठन का कहना है कि अनूप पासवान ने लंबे समय से निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व और सक्रिय सहभागिता से जिला इकाई को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार होगा। साथ ही पत्रकारों के बीच समन्वय और एकजुटता को भी मजबूती मिलेगी।
अपनी नियुक्ति पर अनूप पासवान ने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पत्रकार साथियों के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार तथा पत्रकारिता की गरिमा को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने सभी पत्रकारों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।




