Chhattisgarh

सक्ती में पुलिस आरक्षक निलंबित, कर्तव्य से अनुपस्थित रहने और वायरल वीडियो के बाद विभागीय कार्रवाई

सक्ती, 19 जून । सक्ती जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने सार्वजनिक स्थान पर पुलिस की छवि धूमिल करने और लंबे समय तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर यह कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक जगजीवन टोण्डे को 3 जून 2026 को मालखरौदा में वारंट पेशी के लिए ड्यूटी पर भेजा गया था। ड्यूटी पूरी होने के बाद वह रक्षित केंद्र वापस नहीं लौटा और लगातार 17 जून 2026 तक बिना अनुमति के कर्तव्य से अनुपस्थित रहा।

इसी दौरान आरक्षक का सक्ती स्थित बुधवारी बाजार में एक चबूतरे पर पुलिस वर्दी में संदिग्ध अवस्था में सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और मामला गंभीरता से लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद पाया कि आरक्षक का यह आचरण कर्तव्य के प्रति गंभीर उदासीनता, अनुशासनहीनता और विभागीय नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इसके बाद तत्काल प्रभाव से आरक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।

विभागीय स्तर पर इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने और पुलिस व्यवस्था की साख को मजबूत रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button