संयुक्त संचालक अभियोजन माखनलाल पाण्डेय को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई

बिलासपुर, 30 मार्च 2026। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में सोमवार को संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) माखनलाल पाण्डेय के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामयी एवं आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें अभियोजन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान आईजी श्री गर्ग ने श्री पाण्डेय के दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एक सफल अभियोजन अधिकारी केवल कानून का जानकार ही नहीं होता, बल्कि वह पीड़ित को न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण कड़ी भी होता है। श्री पाण्डेय ने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय देते हुए अभियोजन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया है।
माखनलाल पाण्डेय ने अपने सेवाकाल की शुरुआत फरवरी 1995 में जिला रायपुर से की थी। इसके बाद उन्होंने दुर्ग, महासमुंद, धमतरी और जांजगीर-चांपा सहित विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। फरवरी 2023 से लेकर 30 मार्च 2026 तक वे बिलासपुर संभाग में संयुक्त संचालक अभियोजन के पद पर पदस्थ रहे, जहां उन्होंने न्याय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विवेचना एवं अभियोजन से जुड़े मामलों की समीक्षा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे कई प्रकरणों के प्रभावी निराकरण में सहायता मिली।
अपने उद्बोधन में श्री पाण्डेय ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पुलिस और न्यायालय के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना उनके करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी आवश्यकता पड़ने पर वे अपने अनुभव और ज्ञान से विभाग का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (बिलासपुर रेंज) विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक धनेश्वरी दुबे, उपनिरीक्षक रामकुमार पटेल, शंकर कश्यप, संग्राम सिंह, संदीप ठाकुर, रेखा जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री पाण्डेय को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत द्वारा किया गया।




