Chhattisgarh

श्री दूधाधारी मठ के सामने परंपरागत होलिका दहन संपन्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित श्री दूधाधारी मठ के सामने परंपरागत रूप से होलिका दहन का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 2 मार्च की रात्रि ठीक 1:26 बजे महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास अपने सहयोगियों के साथ होलिका दहन स्थल पर पहुंचे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के पश्चात उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ होलिका की परिक्रमा की और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा महंत रामसुंदर दास से आशीर्वाद प्राप्त किया। परंपरा के अनुसार नगर के विभिन्न मोहल्लों से आए लोगों ने यहां से होलिका की पवित्र अग्नि लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर होलिका दहन का कार्यक्रम संपन्न किया।

उल्लेखनीय है कि रायपुर में सबसे पहले श्री दूधाधारी मठ के सामने होलिका दहन किया जाता है। यह एक प्राचीन परंपरा है, जिसका निर्वहन वर्षों से श्रद्धापूर्वक किया जा रहा है। स्थानीय नागरिक इस परंपरा को आज भी उसी आस्था और विश्वास के साथ निभाते आ रहे हैं।

इसी क्रम में 3 मार्च की सुबह 9:00 बजे खंडग्रास चंद्र ग्रहण के सूतक लगने से पूर्व सभी मंदिरों के पट बंद कर दिए गए। ग्रहण मोक्ष के पश्चात शाम 7:30 बजे मंदिरों को पुनः दर्शनार्थियों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं रंग उत्सव का आयोजन 4 मार्च को किया जाएगा।

महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास ने देशवासियों को होलिका उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

Related Articles

Back to top button