श्योपुर DSO सस्पेंड, 5 दिन में 3 खाद्य अधिकारी नपे: CM शिवराज बोले- जो काम के बदले दाम मांगे, उन्हें नौकरी से बाहर करो

[ad_1]
- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Chief Minister Shivraj Singh Chouhan Suspends The District Food Officer Of Sheopur, Madhya Pradesh News And Latest Updates
भोपाल33 मिनट पहले
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह श्योपुर जिले के खाद्य अधिकारी (DSO) को सस्पेंड कर दिया। समीक्षा बैठक में राशन वितरण से जुड़ी गलत जानकारी देने पर CM ने उनके खिलाफ ये एक्शन लिया। CM ने सुबह 7 बजे श्योपुर जिले की समीक्षा बैठक ली। वर्चुअल मीटिंग में अधिकारियों से राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं पर टू द पॉइंट बात की।
पांच दिन के अंदर ये तीसरे जिला खाद्य अधिकारी हैं, जिन पर CM ने एक्शन लिया है। इससे पहले 23 सितंबर को डिंडौरी के DSO टीकाराम अहिरवार को सस्पेंड किया था। समय रहते पात्र लोगों के प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कार्ड नहीं बनने पर DSO टीकाराम पर CM पर नाराज हुए थे। 25 सितंबर को CM ने जिला खाद्य अधिकारी झाबुआ एमके त्यागी को जिले से हटाने और उनके खिलाफ सरकारी काम में लापरवाही की जांच के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज श्योपुर जिले की समीक्षा करते हुए कहा, जो काम के बदले दाम मांगे, उन्हें नौकरी से बाहर करो। CM ने कहा कि राशन वितरण में गड़बड़ी करने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं।
जानिए, समीक्षा बैठक में क्या हुआ, जब CM बोले- DSO को अभी सस्पेंड करता हूं…
राशन वितरण
CM ने पूछा : ‘राशन आपके ग्राम’ के तहत 4 गाड़ियां संचालित हैं, मेरे पास जो शिकायतें हैं, उनमें उचित मूल्य की दुकान नियमित नहीं खुल रहीं?
कलेक्टर: राशन वितरण मामले में लापरवाही के मामले में 11 FIR की गई हैं। पेनाल्टी भी लगाई गई है।
SP: 11 FIR हुई, 4 लोगों की गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
CM: बाकी पर भी कार्रवाई करो। इसको बहुत गंभीरता से लो। राशन में गड़बड़ करने वाले को हम नहीं छोड़ेंगे।
SP: चावल से भरे 2 ट्रक पकड़े गए हैं। कल कार्रवाई की गई है।
CM: DSO गलत तथ्य प्रस्तुत न करें। गरीबों तक सही तरीके से राशन पहुंचे, ये हमारी जिम्मेदारी है। DSO को मैं अभी सस्पेंड करता हूं।
4 दिन पहले डिंडौरी में मंच से ही DSO को सस्पेंड कर दिया…

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को डिंडौरी जिले के दौरे पर थे। यहां वे अफसरों पर सख्त नजर आए। उज्ज्वला योजना का लक्ष्य पूरा नहीं करने पर उन्होंने जिला खाद्य अधिकारी टीआर अहिरवार को मंच से ही निलंबित करने के आदेश दे दिया। CM हिनोता ग्राम पंचायत के जोगी टिकरिया गांव में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान शिविर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंच से ही मुख्यमंत्री ने जिला खाद्य अधिकारी टीआर अहिरवार से पूछा कि जनवरी से लेकर सितंबर तक उज्ज्वला योजना का टारगेट पूरा नहीं कर पाए, क्या समस्या थी? सितंबर तक 70 हजार कार्ड नहीं बन पाए। ये लापरवाही ठीक नहीं, जाओ सस्पेंड…। पढ़िए, पूरी खबर
श्योपुर में CM ने अफसरों से इन योजनाओं के भी हाल जाने…
CM जनसेवा अभियान
- CM: सबसे पहले बताएं कि लोगों का कैसा रिस्पॉन्स आ रहा है?
- कलेक्टर: 10,500 शिविर लगाए गए अब तक। रिस्पॉन्स बहुत अच्छा है। आयुष्मान भारत के लिए लोग ज्यादा आवेदन कर रहे हैं। ग्रामीण जनता में जन सेवा अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ी है।
जलजीवन मिशन
- कलेक्टर: 69,502 कनेक्शन दिए।
- CM: कितनी योजनाओं पर काम चल रहा?
- कलेक्टर: कुल 210 योजनाओं के तहत कार्य किया जा रहा है।
- कलेक्टर: 77 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। 78 पर काम जारी है।
- CM: अगर घटिया काम हुआ तो कलेक्टर जिम्मेदार होंगे।
आवास योजना शहरी
- CM: अभी मुझे ये बताओ कि काम की गति धीमी क्यों है? अभी आपके हर महीने के टारगेट क्या हैं? ग्रामीण आवास की क्या स्थिति है?
- कलेक्टर: कुल 30 हजार आवास बनाना है।
- CM: कैसे हम सस्ती रेत उपलब्ध करा पाएं। इसके प्रयास किए जाएं।
- कलेक्टर: सीमेंट और रेत की एकमुश्त सप्लाई की हमारी बात हो गई है। सप्लाई भी शुरू हो गई है।
- CM: पैसे के लेनदेन की शिकायत तो नहीं है?
- कलेक्टर: 1 पर FIR , 4 को सस्पेंड किया है।
- CM: जिनकी शिकायत आई है, उनकी सेवा समाप्त की कार्रवाई की जाए। मैं फिर कह रहा हूं कि हम सभी योजनाओं का लाभ बिना कठिनाई के हितग्राहियों तक पहुंचाएं।
अमृत सरोवर
- कलेक्टर: 104 में से 52 पूरे, 17 इस सप्ताह में पूरे हो जाएंगे।
- CM: फोटोग्राफ्स भेजिए, मैं देखना चाहता हूं।
ODOP (एक जिला एक उत्पाद)
- कलेक्टर: अमरूद को लिया गया है। जूस का बोटलिंग प्लांट लगाया गया। महिला समूहों को कार्य दिया गया है।
- CM: ये केवल कागजी न रहें। ये उत्पाद आजीविका का साधन बनें।
आजीविका मिशन
- कलेक्टर: 57 हजार दीदियां जुड़ी हैं। 30 हजार एग्रीकल्चर, 12 हजार पशुपालन, 6800 लघु वन उपज से जुड़ीं हैं।
- CM: बहनों के सशक्तिकरण में कोई कमी न रहे। प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम की योजना के क्रियान्वयन में आपने बेहतर कार्य किया है। अनुशासित कार्यक्रम था। आपको बधाई देता हूं।
पोषण आहार
- CM: अंडरवेट बच्चों का वजन ठीक हो, इसके लिये क्या प्रयास हो रहे हैं?
- कलेक्टर: 1346 लोगों ने आंगनवाड़ियों को अडॉप्ट किया है।
- CM: आंगनवाड़ी अगर ठीक हो गई तो कुपोषण के कलंक से मुक्ति दिला सकते हैं।
बिजली सप्लाई पर बोले, बेहतर प्लानिंग करनी पड़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा- CM हेल्पलाइन में शिकायत आई हैं। बिजली सब्सिडी पर 23-24 हजार करोड़ सरकार भर रही है। बिजली विभाग का किसान और उपभोक्ता के बीच सद्भाव का संबंध हो। हमको बिजली सप्लाई की बेहतर प्लानिंग करनी पड़ेगी। इस महीने बेहतर प्लानिंग करो। बिजली से संतुष्टि का स्तर बढ़ना चाहिए। पीएम किसान सम्मान और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के हितग्राहियों में डिफरेंस क्यों है।
ये अंतर कम भी है, तो क्यों हैं इसकी मुझे रिपोर्ट भेजें। रोजगार दिवस पर 5000 लोगों को इस माह रोजगार की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना को गंभीरता से लें। जिन्हें आवश्यकता है, उन्हीं को लाभ मिले, इस पर ध्यान दें। इस पूरी कवायद का मतलब जनता को सुशासन देना है। गरीब कल्याण की योजनाएं ठीक चले। हितग्राहियों को समय पर लाभ मिले।
Source link