शुष्क दिवस से पहले अवैध शराब का बड़ा जखीरा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 29 सितंबर। 2 अक्टूबर को प्रस्तावित शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी के मंसूबों को अकलतरा पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने अकलतरा के गुरूघासीदास मोहल्ला स्थित एक मकान में दबिश देकर देशी प्लेन, मसाला शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और बीयर सहित कुल 184 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 88,550 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी टेकूलाल बंजारे (41), पिता परदेशी बंजारे, निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुरूघासीदास मोहल्ला, अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में 2 अक्टूबर शुष्क दिवस को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 सितंबर को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टेकूलाल बंजारे ने अपने मकान के भीतर तहखाने एवं गुप्त कमरों में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है और शुष्क दिवस के दौरान इसकी अवैध बिक्री करने की तैयारी है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मकान में तलाशी ली। इस दौरान 180 एमएल की देशी प्लेन शराब की 610 बोतलें, रोमियो देशी प्लेन शराब की 128 बोतलें, सुपर 30 देशी प्लेन शराब की 21 बोतलें, शेरा देशी मसाला शराब की 7 बोतलें, सुपर 30 मसाला शराब की 17 बोतलें, जम्मू स्पेशल व्हिस्की की 71 बोतलें, ग्रांड कोलंबिया स्पेशल व्हिस्की की 57 बोतलें, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 9 बोतलें, मेकडॉवेल नंबर-1 की 23 बोतलें तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 22 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 184 लीटर शराब जब्त की।
अकलतरा थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 587/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 29 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है। शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का निर्माण, संग्रहण, परिवहन या बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, मप्रआर स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेषनारायण साहू, शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा एवं कृष्णा पटेल का सराहनीय योगदान रहा।




