शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ तिलक लगाकर स्वागत, नि:शुल्क गणवेश व अध्ययन सामग्री वितरित

कोरबा, 20 जून। शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय कनबेरी में शनिवार को नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत कनबेरी के सरपंच शत्रुघ्न सिंह कंवर तथा विशिष्ट अतिथि शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती मधु सोनी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कर विद्यालय में स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि श्री शत्रुघ्न सिंह कंवर ने अपने संबोधन में पालकों से बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती मधु सोनी ने ग्रामवासियों से 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का विद्यालय में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराने की अपील की। इस अवसर पर कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को एफएलएन (FLN) अभ्यास पुस्तिकाओं तथा कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को शासन द्वारा प्रदत्त नि:शुल्क गणवेश वितरित किए गए।
शिक्षक संजय कुमार पटेल ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक श्री वीरेंद्र राठौर ने किया।
विशेष रूप से शिक्षिका श्रीमती सुतोपा सामंत ने अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पवन लाल जोशी (प्रधान पाठक, धनुवारपारा), जे.एस. परस्ते (प्रधान पाठक, खैरभवना), विनय सोनवानी (प्रधान पाठक, कनबेरी), श्रीमती अर्चना गुप्ता, श्रीमती सुतोपा सामंत, कु. सुनीता सरवानी, अमर सिंह पैकरा, संतोषी बाई, मंगली बाई, वृंदा कंवर, पवारा बाई एवं जानकी बाई का विशेष योगदान रहा।
अंत में माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक विनय सोनवानी ने सभी अतिथियों, पालकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।




