वीबी-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन: युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मंच, प्रविष्टियां 20 मार्च तक

रायगढ़, 15 मार्च। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा माय भारत पोर्टल के सहयोग से राष्ट्रव्यापी डिजिटल पहल “वीबी-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन” शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ना है।

डिजिटल माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान के जरिए युवा अपने गांव की सकारात्मक कहानियों, नवाचार और विकास कार्यों को देशभर के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रविष्टियां ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल और माय जीओवी पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं।
रायगढ़ जिले में भी इस अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। जिला पंचायत के सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने युवाओं से इस अभियान में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है। ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य, रोजगार के अवसर, स्वरोजगार की पहल और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को युवा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के सामने रख सकते हैं।
अभियान के तहत युवाओं के लिए तीन प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। पहली वीडियो चैलेंज प्रतियोगिता है, जिसमें प्रतिभागियों को अपने गांव के विकास, रोजगार के अवसर, आजीविका गतिविधियों या किसी सकारात्मक पहल को दर्शाते हुए 30 से 60 सेकंड की शॉर्ट वीडियो या रील बनानी होगी। वीडियो को माय भारत पोर्टल पर अपलोड करना होगा, जिसकी अधिकतम फाइल साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
दूसरी गतिविधि ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता है। इसमें प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध अधिनियम और अभियान से संबंधित 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। सफल प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
तीसरी प्रतियोगिता लोगो डिजाइन प्रतियोगिता है, जो ‘विकसित भारत-जी राम जी एक्ट, 2025’ के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को अभियान की भावना को दर्शाने वाला रचनात्मक लोगो डिजाइन करना होगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो के लिए 50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार रखा गया है। चयनित लोगो का उपयोग भविष्य में अभियान से जुड़ी आधिकारिक प्रचार सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और अपने गांव के विकास की कहानी देश के सामने लाने में योगदान दें। साथ ही अधिक जानकारी के लिए जिला पंचायत रायगढ़ के जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा) शाखा से संपर्क किया जा सकता है।




