विश्व विज्ञान दिवस पर संकुल केंद्र कुटरा में भव्य विज्ञान मेले का आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचारपूर्ण मॉडल

कुटरा (नवागढ़)। विश्व विज्ञान दिवस के अवसर पर संकुल केंद्र कुटरा में संकुल स्तरीय विज्ञान मेले का भव्य और प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस आयोजन में संकुल अंतर्गत सभी पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों और नवाचारों पर आधारित मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसर को विज्ञान से जुड़े पोस्टर, चार्ट, मॉडल, स्लोगन और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण वैज्ञानिक चेतना से ओत-प्रोत नजर आया।
विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने प्रयोग प्रदर्शन, विज्ञान मॉडल, भाषण, कविता वाचन, चित्रकला और रंगोली के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों ने सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण, मानव पाचन तंत्र, विद्युत परिपथ, डिजिटल तकनीक, स्मार्ट कृषि और स्वच्छता जैसे विषयों पर कार्यशील और शिक्षाप्रद मॉडल प्रस्तुत किए। प्रयोग प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने सरल वैज्ञानिक सिद्धांतों को रोचक ढंग से समझाया, जिससे उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों को विज्ञान के व्यवहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला।
संकुल के विज्ञान शिक्षक भूपेंद्र जांगडे और ज्ञानेश्वरी भैना ने बताया कि संकुल केंद्र कुटरा में लगातार तीसरे वर्ष विज्ञान मेले का सफल आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, साथ ही मंच पर बोलने का साहस, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण साहू ने किया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश पाटले, विकासखंड स्रोत समन्वयक ऋषिकांता राठौर, संकुल प्राचार्य संदीप श्रीवास्तव, संकुल समन्वयक देवेंद्र साहू, तुलाराम कश्यप, मनिंद्र पांडेय, तेरस रात्रे सहित अनेक प्रधान पाठक और शिक्षक उपस्थित रहे। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से देवल मंडल और अर्चना जी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। वरिष्ठ शिक्षक उमेश कुमार राठौर, विजय बंजारे, सुलोचना साहू, आशा साहू, सरोज सिंह सर्वे, संतोष जगत, सोनी सर, नामदेव और प्रमेश साहू सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों के स्टॉल का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश पाटले ने कहा कि विज्ञान मेला बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और विज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करना आवश्यक है। वहीं, ऋषिकांता राठौर ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए संकुल केंद्र कुटरा को विज्ञान गतिविधियों के क्षेत्र में विकासखंड का रोल मॉडल बताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन भूपेंद्र जांगडे और विजय बंजारे ने किया। आयोजन अनुशासन, समन्वय और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। विज्ञान मेला विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम साबित हुआ। अंत में अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




