Chhattisgarh

विश्व पर्यावरण दिवस पर श्रद्धा महिला मंडल ने शुरू किया वृक्षारोपण अभियान, मानसून में 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य

बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। उत्साह और संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान के तहत वसंत क्लब परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने 4 जून को पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान महिला मंडल की उपाध्यक्षों एवं सदस्याओं ने भी पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों और सदस्यों को फलदार पौधों के साथ पर्यावरण अनुकूल जूट के थैले भी वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा सके।

इस अवसर पर श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने श्रद्धा महिला मंडल की विभिन्न क्षेत्रों में संचालित समितियों को आगामी मानसून सत्र के दौरान कम से कम 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया। साथ ही इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी, सदस्याएं एवं एसईसीएल के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button