विश्व पर्यावरण दिवस पर महिलाओं ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प

शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को नगर निगम वार्ड क्रमांक 31, राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-2 स्थित ग्राउंड में शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सोसाइटी की वालंटियर श्रीमती पपिया चौधरी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी का संक्षिप्त परिचय देते हुए संस्था के उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों एवं जनहित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी उपस्थित नागरिकों को दी गई।
कार्यक्रम में विश्व पर्यावरण दिवस मनाए जाने के उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही इस वर्ष की थीम “अब जलवायु के लिए” के महत्व को समझाते हुए पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी पर विचार साझा किए गए। उपस्थित महिलाओं एवं वार्डवासियों ने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने के लिए अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। आगामी वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की कार्ययोजना पर भी सार्थक चर्चा हुई।
इसके उपरांत सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से ग्राउंड परिसर में वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से उपस्थित महिलाओं को पौधे भेंट स्वरूप प्रदान किए गए, ताकि वे अपने घर एवं आसपास हरियाली बढ़ाने में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान जलपान की व्यवस्था की गई, जिसमें वार्डवासियों एवं महिलाओं का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की सुरक्षा हेतु सामूहिक शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम का समापन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और गौरव को समर्पित “छत्तीसगढ़ महतारी” गीत के साथ किया गया।
इस अवसर पर लगभग 60 से 70 महिलाएं, 10 से 15 बच्चे तथा बड़ी संख्या में पुरुषों ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण और सामुदायिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।




