विधायक अनुज शर्मा ने निभाया वादा, बरौदा कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता टीम को दिए ट्रैक सूट

रायपुर। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरौदा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को विधायक अनुज शर्मा ने ट्रैक सूट वितरित कर अपना वादा निभाया। खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की मंशा के साथ उन्होंने पूर्व में की गई घोषणा को पूरा करते हुए विजेता टीम को सम्मानित किया।
हाल ही में ग्राम बरौदा में भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें क्षेत्र की कई टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए थे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के जोश और खेल भावना की सराहना की थी। युवाओं के उत्साह को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही घोषणा की थी कि विजेता टीम को उनकी ओर से विशेष ट्रैक सूट प्रदान किए जाएंगे।
अपने वादे के अनुरूप विधायक ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रैक सूट भेंट किए। ट्रैक सूट पाकर खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। खिलाड़ियों ने कहा कि विधायक द्वारा किया गया यह सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अब टीम एक पेशेवर लुक में नजर आएगी, जिससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और वे आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का भी पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल सही मंच और उचित प्रोत्साहन की। उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम बरौदा के खेल प्रेमियों, आयोजकों और ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि अक्सर मंच से की गई घोषणाएं केवल तालियों तक सीमित रह जाती हैं, लेकिन अनुज शर्मा ने त्वरित रूप से अपना वादा पूरा कर युवाओं का विश्वास जीता है। गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे सकारात्मक प्रयासों से गांव के अन्य युवा भी खेलों की ओर आकर्षित होंगे और मोबाइल तथा नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहेंगे।
स्थानीय लोगों का मानना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार का प्रोत्साहन ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने का कार्य करता है। बरौदा की इस पहल से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




