Chhattisgarh

वरिष्ठता सूची में 600 से अधिक शिक्षकों को जगह नहीं मिलने से नाराजगी, 25 अगस्त को निकलेगी ‘टेट मुक्ति’ रैली

कोरबा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा सहायक शिक्षक एलबी से प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला के पद पर पदोन्नति के लिए जारी वरिष्ठता सूची को लेकर शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। दीर्घकालीन सेवा दे चुके 600 से अधिक शिक्षक सूची में स्थान नहीं मिलने से पदोन्नति की प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं। शिक्षकों का आरोप है कि वरिष्ठता सूची जल्दबाजी में जारी की गई है और इसमें कई विसंगतियां भी सामने आ रही हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देश जारी कर वरिष्ठता सूची के सरल क्रमांक 900 तक के डीएड एवं टीईटी उत्तीर्ण सहायक शिक्षक एलबी के गोपनीय चरित्रावली सहित आवश्यक प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव भेजने से पहले संबंधित शिक्षकों के शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं टीईटी योग्यता संबंधी अभिलेखों का मूल दस्तावेजों से परीक्षण एवं सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

टीईटी अनिवार्य होने के कारण टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षक पदोन्नति की प्रक्रिया से स्वतः बाहर हो गए हैं। इसे लेकर शिक्षकों में आक्रोश है। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक मनोज चौबे ने बताया कि दीर्घकालीन सेवा दे चुके शिक्षकों के हित और टीईटी की विसंगति के विरोध में 25 अगस्त को ‘टेट मुक्ति’ रैली निकाली जाएगी। रैली सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होगी।

वरिष्ठता सूची में स्थान नहीं मिलने से नाराज एक वरिष्ठ शिक्षक ने कहा कि शासन के अनुसार छह-छह माह में टीईटी परीक्षा आयोजित की जानी है। सितंबर में परीक्षा होने की संभावना है। परीक्षा के बाद परिणाम भी जल्द जारी हो सकता है। ऐसे में उनका कहना है कि डीईओ कार्यालय को टीईटी परीक्षा के बाद वरिष्ठता सूची जारी करनी चाहिए थी, जिससे परीक्षा से वंचित शिक्षक भी अवसर प्राप्त कर सकते।

जारी सूची में कुछ अन्य विसंगतियों की भी शिकायत सामने आई है। पाली ब्लॉक के कुछ शिक्षकों के अनुसार नियमानुसार उनका नाम सूची में नहीं होना चाहिए था, फिर भी उन्हें शामिल किया गया है। इनमें कुछ शिक्षक बीएड और टीईटी उत्तीर्ण नहीं हैं। शिक्षकों ने वरिष्ठता सूची की पुनः जांच कर पात्रता के आधार पर संशोधित सूची जारी करने तथा पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button