लोन की राशि गबन करने का फरार दसवां आरोपी जेल दाखिल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – ग्राहकों के लोन की राशि पचासी लाख रुपये के गबन करने के फरार दसवें आरोपी को थाना पुलगांव पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में अब तक कुल दस आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार आवेदक मोहित देशमुख क्षेत्रीय प्रबंधक ईसाफ स्माल फायनेंस बैंक शाखा दुर्ग द्वारा थाना पुलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि हिरन बाई साहू ग्राम चन्द्रखुरी सहित अन्य 239 ग्राहकों से ईसाफ बैंक के लोन के रूप में सम्पूर्ण धनराशि लगभग 85 लाख रुपये ली गई थी , पर वो रकम ईसाफ बैंक में जमा नहीं की गई। ऋण लेने वाले ग्राहकों से संपर्क साधा गया तो उन्होंने बताया कि वे रकम जमा कर चुके हैं। बैंक के रकम को संग्रह कर्मचारियों ने स्वयं के निजी उपयोग में कर लिया है , आरोपियों के द्वारा कुल 8498940 रूपये खर्च कर गबन कर लिया गया है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 546/2025 , थारा 420 , 409 , 120-बी भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। इस मामले में 10 नवम्बर को टीकाराम पाटले उम्र 35 वर्ष निवासी – लोरमी , आकाश नायक उम्र 30 वर्ष निवासी – बसना , ओम प्रकाश कोसरे उम्र 21 वर्ष निवासी बजरंग नगर उरला , आर्या गोस्वामी उम्र 25 वर्ष निवासी – दल्लीराजहरा , रेशमा वर्मा 25 वर्ष निवासी – आदित्य नगर दुर्ग और अंकिता पासवन उम्र 22 वर्ष निवासी – कोसा नगर सहित छह एवं विगत दिवस सतीश कुमार सिन्हा उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम – रेंगाकठेरा (राजनांदगांव) , टिकेश कुमार यादव उम्र 24 वर्ष निवासी – डोंगरगढ़ (राजनांदगांव) और अमित कुमार ध्रुव उम्र 26 वर्ष निवासी – लोरमी (मुंगेली) सहित तीन आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। वहीं थाना पुलगांव पुलिस ने आज मामले के एक अन्य फरार आरोपी को भी विधिवत गिरफ्तार कर माननीय इनमें पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस प्रकरण में अब तक दस आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी –
हरीश पोया उम्र 28 वर्ष निवासी – चिनौरी , थाना – चारामा , जिला – कांकेर (छत्तीसगढ़)।




